भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 9 जून से श्रीलंका में शुरू होने वाली वनडे ट्राई सीरीज के लिए भारतीय-ए टीम का ऐलान कर दिया है। इस बार चयनकर्ताओं ने कई युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा 15 साल के बाएं हाथ के ओपनर वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। इतनी कम उम्र में भारतीय-ए टीम में जगह मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस ट्राई सीरीज में भारतीय-ए टीम की कप्तानी तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि रियान पराग को उपकप्तान बनाया गया है। टूर्नामेंट में भारत-ए के अलावा मेजबान श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें भी हिस्सा लेंगी। वहीं इस सीरीज का फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाएगा।
ट्राई सीरीज का पूरा शेड्यूल
श्रीलंका में होने वाली इस वनडे ट्राई सीरीज में भारतीय-ए टीम का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 9 जून को मेजबान श्रीलंका-ए के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 11 जून को भारतीय-ए टीम का सामना अफगानिस्तान-A से होगा।
वहीं लीग स्टेज के दूसरे चरण में भारतीय-ए टीम 15 जून को फिर से श्रीलंका-A के खिलाफ मैदान में उतरेगी, जबकि 17 जून को उसका मुकाबला एक बार फिर अफगानिस्तान-A टीम से होगा। इस ट्राई सीरीज में पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 पर रहने वाली टीमें 21 जून को फाइनल मुकाबला खेलेंगी। खास बात यह है कि टूर्नामेंट के सभी मैच दांबुला स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
ट्राई सीरीज के लिए भारतीय-ए टीम स्क्वाड
तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी को इंडिया-A टीम में जगह
इस स्क्वाड की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का चयन रहा। युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा था। कम उम्र में बड़े मंच पर जिस तरह का प्रदर्शन उन्होंने किया, उसी का इनाम अब उन्हें इंडिया-ए टीम में जगह के रूप में मिला है।
इतनी छोटी उम्र में भारतीय-ए टीम का हिस्सा बनना वैभव के करियर के लिए बेहद खास माना जा रहा है। अब फैंस की नजरें इस बात पर रहेंगी कि क्या वह श्रीलंका की स्पिन मददगार पिचों पर भी आईपीएल जैसी धमाकेदार बल्लेबाजी कर पाएंगे या नहीं।

