IPL 2026 में एक भी मैच नहीं खेलने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने अब अपने भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए IPL 2026 का सीजन पहले ही काफी निराशाजनक रहा है। यह टीम प्लेऑफ की रेस में संघर्ष कर रही है, जबकि दूसरी तरफ महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) पूरे सीजन मैदान से दूर रहे। हालांकि, चेन्नई में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ खेले गए आखिरी घरेलू मुकाबले के बाद जो हुआ, उसने फैंस को और ज्यादा भावुक कर दिया।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 5 विकेट से हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने चेपॉक में लैप ऑफ ऑनर किया। इसी दौरान ‘चिन्ना थाला’ सुरेश रैना ने क्रिकेट के मैदान पर अपने सबसे करीबी और जिगरी दोस्त ‘थाला’ एमएस धोनी से बातचीत की, जो अब तेजी से वायरल हो रही है।
सुरेश रैना ने एमएस धोनी से की IPL 2027 में खेलने की अपील
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान सुरेश रैना ने खुलासा किया कि उन्होंने लैप ऑफ ऑनर के समय एमएस धोनी से IPL 2027 में वापसी को लेकर बात की थी। रैना का मानना था कि IPL 2026 को उनका आखिरी सीजन नहीं माना जा सकता, क्योंकि वह पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं खेल पाए।
रैना ने कहा, “मैंने उनसे कहा कि आपने IPL 2026 को मिस्ड कॉल दे दिया। ये फेयरवेल नहीं माना जाएगा। आपको अगले साल वापस आना होगा।”
हालांकि, इसके बाद धोनी ने जो जवाब दिया, वही अब सबसे ज्यादा चर्चा में है। रैना के मुताबिक धोनी ने जवाब देते हुए कहा, “नहीं यार, बॉडी थोड़ी कमजोर है।”
धोनी का यह बयान किसी आधिकारिक रिटायरमेंट ऐलान जैसा तो नहीं था, लेकिन पहली बार उन्होंने खुलकर अपनी फिटनेस और शरीर की स्थिति को लेकर चिंता जाहिर की है। यही वजह है कि अब फैंस को लगने लगा है कि शायद IPL 2026 के बाद उनका करियर खत्म हो सकता है।
एमएस धोनी ने वापसी की उम्मीद भी रखी जिंदा
रैना ने बताया कि उन्होंने धोनी से कहा कि फैंस अभी भी उन्हें मैदान पर देखना चाहते हैं। इसके जवाब में उन्होंने अगले आईपीएल सीजन अपनी वापसी से पूरी तरह इनकार नहीं किया।
रैना ने बताया कि धोनी ने इस पर जवाब देते हुए कहा, “देखते हैं।”
धोनी के यही दो शब्द अब चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए उम्मीद बन गए हैं, क्योंकि उन्होंने अभी तक आधिकारिक तौर पर रिटायरमेंट का ऐलान नहीं किया है। हालांकि, जिस तरह वह चोट की वजह से पूरे IPL 2026 सीजन बाहर रहे, उसने उनकी वापसी को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, धोनी पूरे सीजन काफ इंजरी से जूझते रहे। चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी पहले बताया था कि वह वापसी करना चाहते थे, लेकिन उनकी चोट को काफी सावधानी से मैनेज किया जा रहा था।
चेपॉक में दिखा अलग ही माहौल
जब चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपना आखिरी घरेलू मुकाबला खेला, तब पूरे स्टेडियम में अलग ही माहौल देखने को मिला। धोनी के फैंस लगातार उन्हें मैदान पर देखने का इंतजार करते रहे, लेकिन वह इस सीजन एक भी मैच नहीं खेल सके।
हालाँकि, धोनी मैच खत्म होने के बाद टीम के साथ मैदान का चक्कर जरूर लगाते नजर आए, लेकिन वह दृश्य किसी साधारण लैप ऑफ ऑनर जैसा नहीं लग रहा था। इसीलिए, कई फैंस को ऐसा महसूस हुआ जैसे चेपॉक धीरे-धीरे अपने सबसे बड़े खिलाड़ी को विदाई दे रहा हो।
अब पूरा फैसला धोनी के हाथ में
फिलहाल महेंद्र सिंह धोनी ने अब तक IPL से संन्यास को लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया है। लेकिन जिस तरह उन्होंने पहली बार अपनी बॉडी फिटनेस को लेकर खुलकर बात की है, उसने IPL 2027 में उनकी वापसी को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
हालाँकि, चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस और टीम मैनेजमेंट शायद अभी भी उनके एक और सीजन खेलने की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन धोनी के बयान ने साफ कर दिया है कि अब उनका शरीर सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

