आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की रेस बेहद रोमांचक मोड़ पर आ गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) पहले ही अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। वहीं, पंजाब किंग्स (PBKS) उन पांच टीमों में शामिल है, जो बची हुई एक जगह के लिए कड़ी टक्कर दे रही हैं।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में PBKS ने सीजन टीम ने शानदार शुरुआत की थी और टीम लंबे समय तक पॉइंट्स टेबल टॉप पर बनी रही, लेकिन लगातार 6 मैच जीतने के बाद पंजाब की गाड़ी पटरी से उतरी हुई नज़र आ रही है। निरंतर हार के बाद अब उनके सामने प्लेऑफ में पहुंचने की चुनौती खड़ी हो गई है।
PBKS की गेंदबाजी में रही निरंतरता की कमी
पंजाब किंग्स के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने इस सीजन में बहुत से मौकों पर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, लेकिन गेंदबाजी यूनिट लगातार नाकाम रही। IPL 2026 में पंजाब के लिए 10 से ज्यादा विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज अर्शदीप सिंह रहे हैं, हालांकि उन्होंने भी लगभग 10 रन प्रति ओवर की इकॉनमी से रन खर्च किए हैं।
टीम के प्रमुख विकेट लेने वाले स्पिनर युजवेंद्र चहल कई मुकाबलों में अपने पूरे 4 ओवर भी नहीं डाल सके, जिससे मिडिल ओवर्स में टीम की पकड़ कमजोर नज़र आयी। वहीं, मार्को यानसन भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और 12 मैचों में सिर्फ 7 विकेट ही झटक पाए।
खराब फील्डिंग ने बिगाड़ा PBKS का पूरा खेल
आईपीएल में शायद ही कभी किसी टीम का अभियान खराब फील्डिंग की वजह से इस तरह पटरी से उतरा हो। ESPN क्रिकइंफो के आंकड़ों के मुताबिक, PBKS इस सीजन कैच पकड़ने के मामले में सभी 10 टीमों में सबसे कमजोर रही है। टीम की तीसरी हार में भी खराब फील्डिंग बड़ा कारण बनी, जहां आसान कैच छोड़ने का फायदा उठाकर SRH ने 235/4 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
शशांक सिंह समेत कई खिलाड़ियों ने भी बहुत से महत्वपूर्ण कैच छोड़े। लगातार हो रही इन गलतियों से कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच रिकी पोंटिंग दोनों ही काफी निराश नजर आए हैं।
शुरुआती जीत के बाद टीम का प्रदर्शन पड़ा फीका
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने बढ़िया शुरुआत करते हुए अपने पहले 7 मुकाबलों में से 6 में जीत दर्ज की थी, जबकि उनका एक मैच बारिश की कारण रद्द हो गया था। उस समय टीम को खिताब की प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन इसके बाद पंजाब की जीत की लय पूरी तरह टूट गई और टीम लगातार संघर्ष करती नजर आई।
जो PBKS कभी प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन सकती थी, अब वह अधिकतम 15 अंकों तक ही पहुंच सकती है। ऐसे में अगर राजस्थान रॉयल्स (RR) अपने बाकी दोनों मुकाबले जीत लेती है, तो वह पंजाब को पीछे छोड़कर प्लेऑफ की रेस में अपना नाम पक्का का सकती है।

