वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं।
आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से तबाही मचाकर बड़े-बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त करने वाले राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) की इस समय हर कोई तारीफ कर रहा है। इस कड़ी में अब आईपीएल की नींव रखने वाले पूर्व कमिश्नर ललित मोदी का भी नाम जुड़ गया है।
हाल ही में एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव द्वारा खेली गई 29 गेंदों पर 97 रनों की विस्फोटक पारी देखकर ललित मोदी खुद को उनकी तारीफ करने से नहीं रोक सके। उन्होंने बाएँ हाथ के युवा बल्लेबाज को आईपीएल इतिहास में अब तक की सबसे अच्छी खरीद बताया है।
ललित मोदी ने वैभव सूर्यवंशी पर क्या कहा?
पूर्व आईपीएल कमिश्नर ने अपने X हैंडल पर आईपीएल 2025 ऑक्शन का एक वीडियो साझा किया, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस ऑक्शन में RR ने दिल्ली कैपिटल्स को कड़ी बोली में हराकर सूर्यवंशी को अपने साथ जोड़ा था।
मोदी ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “इतिहास में किसी भी खिलाड़ी की सबसे अच्छी खरीद,” साथ ही उन्होंने इस पोस्ट में सूर्यवंशी और RR को भी टैग किया।
एलिमिनेटर में मात्र 3 रनों से अपने तीसरे शतक से चूक गए थे वैभव सूर्यवंशी
वैभव ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले में 29 गेंदों पर 97 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी और मात्र 3 रनों से अपने तीसरे शतक से चूक गए थे। उस मैच में उनके पास क्रिस गेल का आईपीएल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते थे।
वह उस मैच में 12 छक्के लगाकर 28 गेंदों पर ही 97 रन बना चुके थे, लेकिन 29वीं गेंद पर स्मरण रविचंद्रन के हाथों थर्ड मैन पर कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए। यदि वह उस गेंद पर बाउंड्री लगा देते, तो क्रिस गेल का 14 सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ देते।
आईपीएल 2026 में अब तक रिकॉर्ड 65 छक्के लगा चुके हैं सूर्यवंशी
सूर्यवंशी इस सीजन अब तक 65 छक्के लगाकर क्रिस गेल का ऑलटाइम रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। इससे पहले गेल के नाम एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज था। उन्होंने 2012 के सीजन में 59 छक्के लगाए थे।
अब क्वालीफायर 2 मुकाबले में वैभव के पास एक नया रिकॉर्ड सेट करने का पूरा मौका होगा, जिसे बाद में किसी भी बल्लेबाज के लिए तोड़ना काफी मुश्किल होगा।
IPL 2026 में सिर्फ चौकों-छक्कों से 610 रन बना चुके हैं वैभव
15 वर्षीय बल्लेबाज ने इस सीजन ऐसा कारनामा किया है, जिसे दोहराना किसी के लिए आसान नहीं होगा। वह अब तक 15 मैचों में 680 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में पहले स्थान पर हैं, जिसमें से 610 रन सिर्फ बाउंड्री यानी चौकों-छक्कों से ही आए हैं।
वैभव इस सीजन अब तक 65 छक्के और 55 चौके लगा चुके हैं। यानी उन्होंने सिर्फ 70 रन ही दौड़कर बनाए हैं, जो यह दिखाता है कि वह दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गजों का रिकॉर्ड तोड़ने की क्षमता रखते हैं।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

