5 Famous Cricketers Who Played Only One T20I Match in their Career
अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की शुरुआत हुई थी। तब से लेकर अब तक कई सारे क्रिकेटर इस फॉर्मेट में खेल चुके हैं। इस फॉर्मेट में कई सारे खिलाड़ियों ने 100 से ज्यादा मुकाबले खेले हैं, जबकि कई सारे खिलाड़ियों को कभी भी खेलने का मौका नहीं मिल सका। इतना ही नहीं, कई सारे खिलाड़ियों ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट तो खेला, लेकिन उनका करियर उतना लम्बा नहीं हो सका।
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कई सारे खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने अपने करियर में सिर्फ एक ही मुकाबला खेला है। इस सूची में कई दिग्गज खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इसीलिए, यहाँ हम आपको उन 5 चर्चित खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में सिर्फ एक मुकाबला खेला है।
ये हैं वो 5 चर्चित खिलाड़ी जिन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में खेला सिर्फ एक ही मुकाबला
5. मोंटी पनेसर (Monty Panesar)

इंग्लैंड के पूर्व बेहतरीन स्पिनर मोंटी पनेसर ने साल 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का एकमात्र मुकाबला खेला था। उस मुकाबले में उन्होंने 4 ओवरों में 40 रन खर्च करते हुए 22 विकेट हासिल किए थे। मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने उस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 221 रन बनाए थे और जवाब में उतरी इंग्लैंड मात्र 144/9 ही बना सकी थी और उन्हें 77 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
4. इंजमाम-उल-हक (Inzamam-ul-Haq)

पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज इंजमाम उल हक़ ने साल 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिस्टल में अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का एकमात्र मुकाबला खेला था। उन्होंने उस मुकाबले में कप्तानी भी की थी और बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों पर नाबाद 11 बनाए थे। उस मुकाबले में पाकिस्तान को 145 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 5 विकेट से जीत मिली थी। बता दें कि, वह पाकिस्तान के टी20 इंटरनेशनल इतिहास का सबसे पहला मुकाबला भी था।
3. जेसन गिलस्पी (Jason Gillespie)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलस्पी ने साल 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ सौथैम्पटन में अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का एकमात्र मुकाबला खेला था। उस मुकाबले में उन्होंने 4 ओवरों में 49 रन खर्च करते हुए 1 विकेट चटकाए थे।
इसके अलावा, गिलस्पी ने बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों पर 24 रन बनाए थे और उस मुकाबले में अपनी टीम के लिए सभसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। इंग्लैंड ने उस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 179/8 का स्कोर बनाया था और ऑस्ट्रेलिया मात्र 79 रनों पर ढेर हो गई थी।
2. राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid)

भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में सिर्फ एक मुकाबला खेला था। फुल मेम्बर टीमों में, वह इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी भी हैं। द्रविड़ ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने 21 गेंदों पर 31 रन बनाए थे। उस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 165 रन बनाए थे और इंग्लैंड ने 6 विकेट से जीत हासिल की थी।
1. सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar)

भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी अपने करियर में सिर्फ एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला था। उन्होंने साल 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए भारतीय टी20 इंटरनेशनल इतिहास के सबसे पहले मुकाबले में वीरेंद्र सहवाग की कप्तानी में यह फॉर्मेट खेला।
सचिन ने उस मुकाबले में गेंदबाजी करते हुए 2.3 ओवरों में मात्र 10 रन खर्च करके 1 विकेट हासिल किया था और बल्लेबाजी करते हुए 12 गेंदों पर 10 रन बनाए थे। उस मुकाबले में भारत को 127 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट से जीत मिली थी। दिनेश कार्तिक उस मुकाबले में 28 गेंदों पर 31* रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।







