Wednesday, June 10

2025-26 की एशेज सीरीज अपने निर्णायक मोड़ पर है और इंग्लैंड की तेज गेंदबाजी चोटों के चलते तेजी से कमजोर होती जा रही है।

एशेज 2025-26 की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है, लेकिन इंग्लैंड के हालात आखिरी टेस्ट से पहले ही बदल गए हैं। तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है और वह सिडनी में होने वाले निर्णायक मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। उन्हें यह चोट उस समय लगी, जब उन्होंने मेलबर्न टेस्ट की दूसरी सुबह उन्होंने ओवर पूरा किया और तुरंत ही असहज महसूस करते हुए मैदान छोड़ना पड़ा। इसके बाद वे मैच में दोबारा दिखाई नहीं दिए और इंग्लैंड ने मुकाबला जीतने के बावजूद उन्हें खो दिया।

यह चोट सिर्फ एक खिलाड़ी का बाहर होना नहीं है, बल्कि इंग्लैंड की पूरी प्लानिंग को हिला देने वाली खबर है। मार्क वुड पहले टेस्ट के बाद ही घुटने की दिक्कत के चलते बाहर हो गए थे और जोफ्रा आर्चर की सीरीज तीन टेस्ट के बाद खत्म हो गई थी। तीनों गेंदबाज शुरुआती मैच की प्लेइंग XI का हिस्सा थे, इसलिए अब टीम की गति और तेवर दोनों पर असर दिखाई दे रहा है।

मैथ्यू पॉट्स के सामने मौका, टीम बदलाव नहीं करेगी इंग्लैंड

इंग्लैंड ने एटकिंसन की जगह किसी नए खिलाड़ी को जोड़ने के बजाय मौजूदा स्क्वॉड में भरोसा जताया है। इसका सीधा मतलब है कि मैथ्यू पॉट्स के खेलने की संभावना काफी बढ़ गई है। पॉट्स पिछले कुछ समय से टेस्ट टीम में आते-जाते रहे हैं और अब एशेज में डेब्यू करने का मौका उनके सामने खड़ा है।

बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैक्कुलम की कोचिंग की शुरुआत में पॉट्स लगातार नजर आए थे, लेकिन पिछले दो साल में उनका रोल सीमित हो गया। अब इंग्लैंड को आखिरी टेस्ट में विकेट लेने वाला गेंदबाज चाहिए और पॉट्स इस जिम्मेदारी के लिए सही समय पर लौटते दिख रहे हैं।

काफी उतार-चढ़ाव के बाद एटकिंसन की वापसी पर लगी ब्रेक

सीरीज की शुरुआत एटकिंसन के लिए उम्मीदों से भरी थी, लेकिन शुरुआती दो टेस्ट में सिर्फ तीन विकेट मिलने के बाद उन्हें हटना पड़ा। चौथे टेस्ट में फिर मौका मिला तो उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से असर दिखाया। उनकी तीन विकेट की स्पेल और पहली पारी में किए 28 रन इंग्लैंड के लिए अहम थे, लेकिन किस्मत ने दूसरी सुबह ही उनका साथ छोड़ दिया।

हालाँकि, उनकी यह चोट कितनी गंभीर है, यह तो इंग्लैंड वापसी के बाद जांच से ही साफ होगा, लेकिन यह तय है कि सीरीज का आखिरी और बड़ा मैच उनके बिना ही खेलना पड़ेगा।

ऑस्ट्रेलिया भी बदलाव की तैयारी में, उस्मान ख्वाजा जरूर खेलेंगे

चोट की समस्या से जूझ रही इंग्लैंड ही नहीं, ऑस्ट्रेलिया भी अंतिम टेस्ट में टीम कॉम्बिनेशन बदलने पर विचार कर रहा है। मेलबर्न में हार ने उनकी लंबे समय से चली आ रही घरेलू एशेज जीत की लय तोड़ दी है। सिडनी की पिच पर स्पिन मदद करे तो टॉड मर्फी वापसी कर सकते हैं, वहीं कैमरन ग्रीन का स्थान उनकी खराब फॉर्म के बाद खतरे में बताया जा रहा है।

इन सबके बीच एक बात साफ हो चुकी है कि अनुभवी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा आखिरी टेस्ट जरूर खेलेंगे। उनकी उम्र और भविष्य को लेकर बातें चल रही थीं, लेकिन कोच एंड्रू मैकडॉनल्ड ने कहा कि ख्वाजा ने संन्यास को लेकर कोई संकेत नहीं दिया है और टीम में उनका स्थान पूरी तरह सुरक्षित है।

इंग्लैंड के लिए फिटनेस सबसे बड़ी चुनौती

8 जनवरी को सिडनी टेस्ट खत्म होते ही इंग्लैंड को श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज खेलना है, जो टी20 वर्ल्ड कप से पहले की तैयारी का हिस्सा होंगी। इंग्लैंड टीम में चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट लंबी है, इसलिए इंग्लैंड हर उपलब्ध खिलाड़ी की फिटनेस पर नजर रखेगा।

हालाँकि, आर्चर की उपलब्धता पर फैसला जल्द नहीं होगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया भी पैट कमिंस और जोश हेजलवुड को वर्ल्ड कप टीम में रखना चाहता है, भले ही एशेज में उनकी भूमिका सीमित रही हो।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version