Thursday, March 19

एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितम्बर से होनी है। यह एशिया का सबसे बड़ा टूर्नामेंट होता है, जिसको जीतने के लिए टीमें पूरा जोर लगा देती हैं। जिसके चलते अक्सर मैदान में गरमागरमी भी बढ़ जाती है। हालाँकि कभी-कभी बात इतनी बढ़ जाती है कि नौबत हाथापाई तक आ जाती है। ऐसे ही साल 2022 में पाकिस्तान के बल्लेबाज आसिफ अली और अफगानी तेज गेंदबाज फरीद मलिक के बीच झड़प हुई थी।

इस झड़प में नौबत हाथापाई की ही आ गई थी, लेकिन खिलाड़ियों के बीच बचाव के चलते दोनों के बीच लड़ाई नहीं बढ़ी। हालाँकि आसिफ अली ने फरीद को मारने के लिए बल्ला तक उठा लिया था। तो चलिए जानते हैं कि आखिर क्या हुआ था, जिसके चलते बात हाथापाई तक पहुँच गई।

आसिफ अली और फरीद मलिक के बीच हुई थी झड़प

Asif Ali Fareed Malik Fight In Asia Cup
Asif Ali Fareed Malik Fight In Asia Cup

दरअसल, साल 2022 के एशिया कप के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला खेला जा रहा था। इस मैच में अफगानिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 130 रन बनाए थे। पाकिस्तान की टीम की शुरुआत भी खराब हुई लेकिन जैसे-तैसे करके वो मैच में अभी बने हुए थे।

Also Read: Asia Cup 2025: टीमें, स्क्वॉड, पूरा शेड्यूल और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स

पाकिस्तानी टीम को अंतिम दो ओवरों में जीत के लिए 21 रन चाहिए थे। क्रीज़ पर सेट बल्लेबाज आसिफ अली और तेज गेंदबाज हारिस रऊफ खेल रहे थे। हालाँकि ऐसा लग रहा था कि अब मैच उनके हाथ से निकल रहा है। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर हारिस रऊफ बोल्ड भी हो गए, जिसके बाद अफगानिस्तान का पलड़ा मैच में और झुक गया।

दोनों खिलाड़ियों ने पार की सीमा

आसिफ अली ने चौथी गेंद पर छक्का मारकर मैच को पाकिस्तान की गिरफ्त में लाने का प्रयास किया। अब अंतिम 8 गेंदों में जीत के लिए 12 रनों की आवश्यकता थी। लेकिन, अगली बॉल पर फिर से बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में वो बाउंड्री पर कैच आउट हो गए।

जिसके बाद अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज ने काफी आक्रामक सेलिब्रेशन किया। इसके बाद आसिफ अली भी आपा खो बैठे और गेंदबाज की तरफ बढ़ गए। दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस भी हुई, जिसके बाद उन्होंने बल्ला उठाकर मारने का प्रयास किया। हालाँकि खिलाड़ियों और अंपायरों के बीच बचाव के बाद दोनों अलग हुए और आसिफ अली वापस पवेलियन लौट गए।

नसीम शाह बने हीरो

इस झड़प के बाद भी मैच खत्म नहीं हुआ था। अभी भी पाकिस्तान को जीत के लिए अंतिम गेंदों में 12 रनों की ज़रूरत थी और उनका मात्र 1 विकेट बचा हुआ था। नसीम शाह ने फरीद मलिक की अंतिम गेंद में सिंगल लिया। अब आखिरी ओवर में गेंद लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज फज़लहक़ फ़ारूकी के पास थी।

जिन्होंने इसके पहले 3 ओवरों में 19 रन देकर 3 विकेट लिए थे। ऐसा लग रहा था कि अफगानिस्तान की टीम यह मैच आसानी से जीत जाएगी। लेकिन, फिर कुछ ऐसा हुआ जिसका किसी को अंदेशा भी नहीं था। नसीम शाह ने फ़ारूकी की शुरुआती दो गेंदों पर दो छक्के जड़ दिए और पाकिस्तान को जीत दिला दी।

इस जीत के बाद पाकिस्तान टीम और खिलाड़ियों ने काफी आक्रामक अंदाज़ में सेलिब्रेशन किया। मैच खत्म करने वाले नसीम शाह ने जश्न मनाते हुए अपना हेलमेट और ग्लव्स वहीं ग्राउंड पर फेंक दिए।

दोनों खिलाड़ियों पर आईसीसी ने लगाया जुर्माना

आईसीसी ने इस मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों की गलती पाते हुए दण्डित किया। उन्होंने आसिफ अली को आर्टिकल 2.6 (अश्लील, आपत्तिजनक या अपमानजनक हावभाव का प्रयोग करना) जबकि फरीद मालिक को आर्टिकल 2.1.12 (किसी खिलाड़ी, खिलाड़ी सहायक कर्मचारी, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क) के तहत मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version