AUS vs IND 5th T20I The Gabba Preview: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही पांच मैचों की रोमांचक टी20 सीरीज अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गई है। इस सीरीज पांचवां और अंतिम टी20 मैच 8 नवंबर को ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर खेला जाएगा, जहाँ भारतीय टीम सीरीज जीतना चाहेगी।
अब तक भारत ने पिछले दो मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पास अब केवल बराबरी करने का मौका है, क्योंकि अब वह यहाँ से सीरीज नहीं जीत सकते हैं।
गाबा की पिच और मौसम का मिजाज
ब्रिसबेन का गाबा मैदान हमेशा से तेज गेंदबाजों के लिए जाना जाता है। यहां गेंद में उछाल और गति रहती है, जिससे रन भी आसानी से बनते हैं। इस बार भी बल्लेबाजों के लिए मौका रहेगा, लेकिन पेसर्स को भी मदद मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन के बाद के हिस्से में बारिश या गरज के आसार बने हुए हैं, जिससे मैच प्रभावित हो सकता है।
जीत के सिलसिले को जारी रखना होगा भारत का लक्ष्य
भारत अब तक इस सीरीज में बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर हावी रहा है। अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन तिकड़ी ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। अब टीम इंडिया के पास अब मौका है कि वह ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज जीतकर अपना वर्चस्व और मजबूत करे।
इस मुकाबले में टीम इंडिया की कॉम्बिनेशन में बदलाव की संभावना बहुत कम है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम उसी विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ उतर सकती है। इस मैच में जसप्रीत बुमराह एक बड़ा माइलस्टोन छू सकते हैं और टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से 100 विकेट लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बन सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें और उम्मीदें
ऑस्ट्रेलिया इस समय चोटों और प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति से जूझ रहा है। कई स्टार खिलाड़ी एशेज की तैयारी में व्यस्त हैं, जिससे टीम अधूरी नजर आ रही है। चौथे मैच में टीम ने अच्छी शुरुआत के बाद बल्लेबाजी में ढहने जैसा प्रदर्शन किया था।
फिलहाल, कप्तान मिचेल मार्श और ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा, जोश इंग्लिस और ग्लेन मैक्सवेल से भी बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग XI में बदलाव की संभावना है और इसीलिए जोश फिलिप की जगह मिच ओवेन को मौका मिल सकता है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
भारत की संभावित प्लेइंग XI:
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा, शिवम दूबे, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग XI:
मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल मार्श (कप्तान), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिच ओवेन/जोश फिलिप, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, जेवियर बार्टलेट, बेन ड्वार्शुइस, नाथन एलिस, एडम जम्पा।
दोनों टीमों की पिछले पांच टी20 मैचों में फॉर्म
ऑस्ट्रेलिया: LLWWW
भारत: WWLWW
भारत का रिकॉर्ड इस समय शानदार है और वह अपने पिछले पांच टी20 मैचों में से सिर्फ एक मैंच गंवाया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया पिछले पांच मैचों में अपने पिछले दो मैच हार चुका है। यदि वह गाबा में होने वाले मुकाबले में हारता है, तो वह 2021 के बाद पहली बार तीन लगातार टी20 मैच गंवाने का शर्मनाक आंकड़ा दर्ज कर सकता है।
शुभमन गिल और जोश इंग्लिस पर होंगी सभी की नजरें
शुभमन गिल (भारत):
गिल के लिए यह दौरा अब तक औसत रहा है। उन्होंने पिछले मैच में 46 रन बनाए लेकिन बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। ब्रिसबेन की तेज पिच पर वे अपने स्ट्रोक्स के जरिए फॉर्म वापस पाने की कोशिश करेंगे।
जोश इंग्लिस (ऑस्ट्रेलिया):
इंग्लिस की वापसी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। तीन पारियों में उन्होंने कुल 33 रन बनाए हैं। वह इस मैच में लय पाने की पूरी कोशिश करेंगे ताकि टेस्ट सीरीज से पहले आत्मविश्वास बढ़ा सकें।
अहम आंकड़े और तथ्य
- जसप्रीत बुमराह अपने टी20 करियर में 100 विकेट पूरे करने से सिर्फ एक विकेट दूर हैं।
- गाबा टी20 में एक विकेट लेते ही बुमराह तीनों फॉर्मेट में 100+ विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन जाएँगे।
- भारत ने 2016 के बाद कभी भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार तीन टी20 मैच नहीं जीते।
- गाबा में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक केवल एक टी20 मैच हुआ है, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 2018 में चार रन से जीता था।
नतीजे पर नजर
भारत अगर यह मैच जीत लेता है, तो वह ऑस्ट्रेलिया में लगातार तीन टी20 मैच जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया हार से बचने और आत्मविश्वास वापस पाने के लिए हरसंभव कोशिश करेगा। तेज पिच, बारिश की संभावना और दोनों टीमों की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







