Saturday, February 7

आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीमों ने स्क्वाड का ऐलान करना शुरू कर दिया है। अब तक 3 टीमें अपने स्क्वाड का ऐलान कर चुकी थीं लेकिन उनके साथ ऑस्ट्रेलिया ने भी अपना दल घोषित कर दिया है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 15 जनवरी से साउथ अफ्रीका और नामीबिया में होनी है और इसका फाइनल 6 फरवरी को खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया इस टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन है और वो अपना खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी। उन्होंने टीम की कमान पिछली बार टीम में खेले खिलाड़ी को सौंपी है। तो चलिए जानते हैं कि इस स्क्वाड में किन खिलाड़ियों को जगह मिली है।

ओलिवर पीक को बनाया गया कप्तान

Australia Announced Squad For Under 19 World Cup 2026
Australia Announced Squad For Under 19 World Cup 2026

ऑस्ट्रेलिया ने अंडर 19 वर्ल्ड कप के लिए बल्लेबाज ओलिवर पीक को कप्तान बनाया है। वो पिछली बार भी साउथ अफ्रीका में हुए इस टूर्नामेंट में खेल चुके हैं। उन्हें उस इवेंट में शुरुआत में स्क्वाड में जगह नहीं मिली थी लेकिन किसी के चोटिल होने के बाद रिप्लेसमेंट प्लेयर के रूप में शामिल किया गया था। पीक ने उसके बाद खेले 4 पारियों में 120 रन बनाए थे और उनकी फाइनल में इंडिया के खिलाफ खेली गई नाबाद 46 रनों की पारी काफी महत्वपूर्ण थी, जिसके चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम खिताब जीतने में सफल हुई थी।

ओलिवर घरेलू क्रिकेट में कर चुके हैं डेब्यू

ओलिवर उस वर्ल्ड कप के बाद से घरेलू क्रिकेट में भी डेब्यू कर चुके हैं और उसमें उनका प्रदर्शन भी ठीक रहा है। 19 वर्षीय खिलाड़ी ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पीएम इलेवन मैच में भी अर्धशतक लगाया था। ऑस्ट्रेलिया में अंडर 19 चैंपियनशिप में उनकी परफॉर्मेंस को देखते हुए उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया की टीम में इसके अलावा विल मलैज्चुक, नितेश सैमुअल और तेज गेंदबाज विलियम टेलर को भी मौका दिया गया है, जो टूर्नामेंट में अहम भूमिका निभाएंगे। इन खिलाड़ियों के ऊपर ऑस्ट्रेलिया का खिताब बचाने की जिम्मेदारी रहेगी। पिछली बार साउथ अफ्रीका में हुए टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को खिताबी मुकाबले में धूल चटाते हुए चैंपियनशिप हासिल की थी और इस बार भी उनका लक्ष्य यही होगा।

ग्रुप ए में है ऑस्ट्रेलिया टीम

ऑस्ट्रेलियाई कोच टिम नीलसन का कहना है कि इस बार टीम काफी बैलेंस्ड लग रही है। उन्होंने कहा कि हम ऐसी स्क्वाड चुनना चाहते थे, जिनके पास अच्छी स्किल्स हों। ऑस्ट्रेलिया को अंडर 19 वर्ल्ड कप के ग्रुप A में रखा गया है। उनका सामना आयरलैंड, जापान और श्रीलंका से होना है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम जनवरी की शुरुआत में ही नामीबिया पहुँच जाएगी, जहाँ वो 9 से 14 जनवरी तक वार्म-अप मैच खेलेगी। इस बार ऑस्ट्रेलिया का लक्ष्य लगातार दूसरी बार खिताब पर कब्जा करने का होगा।

ICC U19 मेन्स वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम

ओलिवर पीक (कप्तान), केसी बार्टन, नादेन कूराय, जेडन ड्रेपर, स्टीवन होगन, थॉमस होगन, बेन गॉर्डन, जॉन जेम्स, चार्ल्स लैकमुंड, एलेक्स ली-यंग, विल मलैज्चुक, नितेश सैमुअल, हेडन शिलर, आर्यन शर्मा और विलियम टेलर।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version