“टेस्ट क्रिकेट में बैगी ब्लू पहनने का सपना आज 14 साल बाद एक याद बन गया है। इस फॉर्मेट ने मुझे परखा, तराशा और ऐसी ज़िंदगी की सीख दी जो हमेशा मेरे साथ रहेगी। सफेद जर्सी में खेलना मेरे लिए हमेशा कुछ बेहद निजी रहा। यह फैसला आसान नहीं है, लेकिन सही लगता है। मैंने इसे अपना सबकुछ दिया और बदले में इससे कहीं ज़्यादा पाया। मैं दिल से आभारी हूँ – खेल के लिए, साथ खेलने वालों के लिए, और हर उस शख्स के लिए जिसने इस सफर को खास बनाया। मैं हमेशा अपनी टेस्ट जर्नी को मुस्कान के साथ याद करूंगा। #269, विदा लेता है।”

इस भावुक संदेश के साथ विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर को अलविदा कह दिया। 14 साल के इस गौरवशाली सफर में उन्होंने भारतीय टेस्ट क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया। उनके इस फैसले के तुरंत बाद बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर तीन घंटे के अंदर एक के बाद एक 11 ट्वीट किए और उनके टेस्ट करियर की बड़ी उपलब्धियों को गिनाया।

हालाँकि, किंग कोहली ने अपने करियर में जो कुछ हासिल किया है और अब तक दुनिया भर के युवा खिलाड़ियों को जो प्रेरणा दी है, उन्हें शब्दों में नहीं बयाँ किया जा सकता। लेकिन बीसीसीआई ने अंत में एक वीडियो शेयर करते हुए किंग कोहली के कुछ मजेदार ऑन फील्ड बयान और शानदार करियर को दिखाते हुए उन्हें भारतीय क्रिकेट में कीमती योगदान देने के लिए धन्यवाद दिया है।

BCCI ने इन ट्वीट्स के जरिए गिनाईं विराट कोहली की टेस्ट क्रिकेट में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ

1. Thank you, Virat Kohli!

एक युग का अंत हो गया, लेकिन आपकी विरासत हमेशा ज़िंदा रहेगी।

टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। टीम इंडिया में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

2. टेस्ट करियर की शानदार यादें!

विराट कोहली ने 20 जून 2011 को किंग्स्टन, जमैका में वेस्टइंडीज़ के खिलाफ भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था। जनवरी 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड ओवल में उन्होंने 116 रनों की जुझारू पारी खेलते हुए अपना पहला टेस्ट शतक लगाया था।

3. 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में विराट कोहली ने भारत के टेस्ट कप्तान के तौर पर शानदार आगाज़ किया।
उन्होंने इतिहास रचते हुए एक ही टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाया। 115 और 141 रन की यादगार पारियाँ खेलकर वे ऐसा करने वाले केवल चौथे भारतीय बल्लेबाज़ बने।

4. विराट कोहली ने भारत की ओर से सबसे ज़्यादा 68 टेस्ट मैचों में कप्तानी की है। उनकी नेतृत्व क्षमता के दम पर भारत ने 40 टेस्ट जीते, जो किसी भी भारतीय कप्तान द्वारा सबसे ज़्यादा है।

5. विराट कोहली की कप्तानी के सुनहरे पलों में से एक था 2018-19 की टेस्ट सीरीज़, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को उसी की ज़मीन पर 2-1 से हराया। ये भारत की टेस्ट इतिहास में ऑस्ट्रेलिया में पहली सीरीज़ जीत थी, जिससे 71 सालों का इंतज़ार खत्म हुआ था।

6. उनकी कप्तानी में भारत टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 बना और लगातार 42 महीनों तक शीर्ष स्थान पर बना रहा। घरेलू मैदान पर उनके नेतृत्व में भारत ने कभी कोई टेस्ट सीरीज़ नहीं हारी और 11 में से 10 सीरीज़ में जीत दर्ज की।

7. विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने 2019–21 सत्र में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई और उपविजेता रहा।

8. विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा दोहरे शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ हैं। उन्होंने अपने शानदार करियर में कुल 7 दोहरे शतक लगाए।

9. टेस्ट कप्तान के तौर पर भी विराट का बल्ला खूब बोला। उन्होंने 68 मैचों की 113 पारियों में 5,864 रन बनाए – जो किसी भी भारतीय कप्तान द्वारा सर्वाधिक है। इस दौरान उन्होंने 20 शतक और 18 अर्धशतक जमाए और उनका औसत 54.80 रहा।

10. विराट कोहली का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट स्कोर 254* रन रहा, जो उन्होंने 2019 में पुणे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। इस नाबाद पारी में उनका कौशल और आत्मविश्वास झलकता था, जिससे भारत ने पारी से जीत दर्ज की। इस प्रदर्शन की चारों ओर सराहना हुई।

11. कुल मिलाकर, विराट कोहली ने 123 टेस्ट में 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए। उन्होंने 30 शतक और 31 अर्धशतक लगाए। वे भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज़ के रूप में अपने शानदार करियर का समापन कर रहे हैं।

12. वैभवशाली विरासत

प्रेरणादायक जुनून

अविश्वसनीय आइकन

पूर्व भारतीय कप्तान ने टेस्ट क्रिकेट को अपना सब कुछ दिया।

सफेद जर्सी में यादगार लम्हों के लिए धन्यवाद, विराट कोहली।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version