क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) ने अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके बाएँ हाथ के बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (David Warner) की कप्तानी पर लगे लाइफटाइम बैन को हटा दिया है। लगभग साढ़े छह साल तक बैन के बाद वॉर्नर अब आगामी बिग बैश लीग 2024-25 में कप्तानी करने के लिए तैयार हैं।
बता दें कि, साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में सैंड पेपर गेट कांड के बाद उन पर बोर्ड द्वारा कप्तानी करने से लाइफटाइम बैन कर दिया था। हालाँकि, 2022 में आचार संहिता में बदलाव के बाद वॉर्नर ने अपने बैन को रद्द करने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के आचरण आयोग की तीन-सदस्यीय पैनल के सामने पेश हुए थे।
David Warner को अपने आचरण पर अत्यधिक पश्चाताप है – Cricket Australia

सीए के एक बयान में कहा गया है:
अपने निर्णय में पैनल ने कहा कि ‘उनके [वार्नर के] जवाबों का सम्मानजनक और पश्चातापपूर्ण लहजा, साथ ही विषय-वस्तु ने रिव्यू पैनल को प्रभावित किया और सर्वसम्मति से यह निष्कर्ष निकाला कि उन्होंने अपने आचरण के लिए जिम्मेदारी स्वीकार करने में ईमानदारी और सच्चाई दिखाई थी और उन्होंने कहा था कि उन्हें अपने आचरण पर अत्यधिक पश्चाताप है।’
पैनल ने उन संदर्भों पर भी विचार किया जिनमें ‘मिस्टर वार्नर ने ऑस्ट्रेलिया में युवा क्रिकेटरों के विकास में जो योगदान दिया है और भविष्य में भी दे सकते हैं, यदि उन्हें मिस्टर वार्नर के नेतृत्व में खेलने का अवसर दिया जाए, और विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया में दक्षिण एशियाई समुदाय के बीच क्रिकेट में रुचि बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका जारी रहेगी’ का उल्लेख किया गया।
रिव्यू पैनल को डेविड वॉर्नर (David Warner) के कुछ चर्चित खिलाड़ियों द्वारा समर्थन पत्र भी दिया गया, जिनमें ऑस्ट्रेलिया टेस्ट कप्तान पैट कमिंस और न्यूजीलैंड के स्टार केन विलियमसन शामिल हैं। ये खिलाड़ी सनराइजर्स हैदराबाद में वॉर्नर के साथी भी रह चुके हैं।
कमिंस ने अपने समर्थन पत्र में लिखा:
2018 से, उन्होंने [वार्नर] खेल और भावी पीढ़ियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को स्वीकार किया है और क्रिकेट खेलने वाले समुदायों के साथ अपने जुड़ाव को बढ़ाया है। डेविड ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पाकिस्तान और श्रीलंका के हालिया दौरों का समर्थन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इन दौरों के दौरान उन्होंने क्रिकेट की भावना को बनाए रखा और विपक्ष के प्रति सम्मान दिखाया, साथ ही खेल के लिए उन दौरों के महत्व को भी समझा। ये उच्च विचार उन मैचों से परे थे, जिनमें हमने खेला और उन देशों में क्रिकेट-प्रेमी जनता ने इसे महसूस किया।
विलियमसन ने अपने पत्र में लिखा:
सनराइजर्स में हमारे साथ बिताए समय में मैंने देखा है कि डेविड ने हमारे साथियों के लिए एक अच्छा उदाहरण स्थापित किया है। उन्होंने खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिता में क्लब के फैंस और सपोर्टर्स के लिए भी अपना समय दिया है।
हालाँकि, वार्नर पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा लगाए गए कैप्टेंसी बैन के बावजूद भी दुनिया भर की टीमों की कप्तानी करने की अनुमति दी गई थी। उन्होंने 2018 के बाद से आईपीएल में सनराइजर्स और दिल्ली कैपिटल्स का नेतृत्व किया था।
BBL 2024-25 में सिडनी थंडर की कप्तानी कर पाएंगे डेविड वॉर्नर

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) के आचरण आयोग (कंडक्ट कमीशन) द्वारा की गई सुनवाई के फैसले के बाद डेविड वॉर्नर बिग बैश लीग 2024-25 (BBL 2024-25) में सिडनी थंडर (Sydney Thunder) की कप्तानी कर पाएंगे। उनके ऊपर से लाइफटाइम कैप्टेंसी बैन हटने के बाद सिडनी थंडर के जनरल मैनेजर ट्रेंट कोपलैंड ने बड़ा बयान दिया।
थंडर के जनरल मैनेजर ट्रेंट कोपलैंड ने कहा:
वह कप्तानी के विकल्प के तौर पर चर्चा में हो सकते हैं, इस बारे में निश्चित रूप से बात की जाएगी। आंतरिक रूप से, इस बात का आकलन करने के लिए पहले ही बातचीत हो चुकी है कि क्या यह एक अच्छा निर्णय होगा। मुझे लगता है कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। जो भी डेवी (डेविड वॉर्नर) को जानता है और जिसने उसे वर्षों से देखा है, उसने उसे एक बेहतरीन कप्तान और नेता के रूप में देखा है, खासकर बल्ले के साथ।
यह क्रिकेट कप्तानी की भूमिका से कहीं ज़्यादा बड़ी बात है। यह जीवन भर के संदर्भ में नेतृत्व है। यह उनके बारे में था, ख़ास तौर पर उनकी बेटियों के बारे में, वह विरासत जो वह अपने परिवार के लिए छोड़ना चाहते हैं। यह डेवी, उनके परिवार और अंततः हमारे विश्वास के बारे में है कि इस समय क्या सही है। अगर यह लाइफटाइम बैन है, तो यह तब भी उनके ऊपर रहेगा जब वह 50, 60 साल के हो जाएँगे। यह कभी नहीं हटेगा। यह [जो 2018 में हुआ] शायद कभी न हटे, लेकिन मुझे लगता है कि कम से कम इससे इसे एक मौका तो मिलता है।
यह भी बता दें कि, साल 2022 में डेविड वॉर्नर के उपर से लाइफटाइम कैप्टेंसी बैन को हटाने के लिए किए गए अपील को रिव्यू पैनल ने खारिज कर दिया था।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा, खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरों पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।








