टीम इंडिया व्हाइट बॉल सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुकी है, जहां दोनों टीमें वनडे सीरीज की तैयारी में जुटी हुई हैं। हालांकि, इस सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम को लगातार झटके लग रहे हैं।
उनके बड़े खिलाड़ी लगातार सीरीज से बाहर हो रहे हैं। इसी बीच उनके एक और मुख्य प्लेयर पहले मैच के शुरू होने से पहले ही पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। तो चलिए जानते हैं कि कौन हैं वो खिलाड़ी जो वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और उनकी जगह अब किसे मौका दिया गया है।
चोटिल कैमरन ग्रीन इंडिया सीरीज से हुए बाहर

ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन चोट के चलते इंडिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया को अगले महीने अपने घर में एशेज खेलनी है, जिसकी तैयारी वे अभी से कर रहे हैं और उनका लक्ष्य है कि सभी खिलाड़ी उस सीरीज में पूरी तरह से फिट रहें और मैच प्रैक्टिस में भी बने रहें। इसलिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सभी खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए कहा था।
शेफील्ड शील्ड के मुकाबले के दौरान हुए थे इंजर्ड
कैमरन भी शेफील्ड शील्ड में खेल रहे थे, जहां उन्हें मेडिकल स्टाफ की तरफ से 8 ओवर करने की छूट दी गई थी, लेकिन उन्होंने सिर्फ 4 ओवर ही किए और 1 विकेट लेने में सफल रहे। उन्हें दिक्कत महसूस होने के कारण आगे गेंदबाजी नहीं की और अब एहतियातन वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है। अब वे रिहैब करेंगे ताकि एशेज से पहले पूरी तरह से फिट हो जाएं।
टेस्ट सीरीज में उनकी गेंदबाजी की जरूरत भी पड़ेगी, क्योंकि कप्तान पैट कमिंस भी अभी पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं और उनका सभी मैच खेलना मुश्किल लग रहा है। कमिंस बैक इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसके चलते वे इंडिया के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेल रहे हैं।
मार्नस लाबुशेन को दी गई टीम में जगह
कैमरन ग्रीन के चोटिल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने उनके बैकअप में मार्नस लाबुशेन को टीम में जगह दी है। लाबुशेन इस समय घरेलू क्रिकेट में काफी अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें टीम में शामिल किया गया है।
उन्होंने अपनी पिछली 4 पारियों में से 3 में शतक जड़े हैं और अब वनडे सीरीज में मौका मिलने के बाद टेस्ट कमबैक की तैयारी में भी रहेंगे, क्योंकि वे टेस्ट टीम से खराब फॉर्म के चलते बाहर चल रहे थे और उन्हें वेस्टइंडीज सीरीज में टीम से ड्रॉप कर दिया गया था।







