Friday, February 13

कनाडा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाली वह 13वीं टीम बन गई है। कनाडा ने अमेरिका रीजनल क्वालिफायर के फाइनल मुकाबले में बहामास को सात विकेट से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। यह मुकाबला ओंटारियो में खेला गया।

कनाडा ने इस टूर्नामेंट में लगातार पांच जीत दर्ज की, जिससे वह चार टीमों वाले इस इवेंट की अंक तालिका में पहले स्थान पर रहा। इस जीत के साथ कनाडा ने यह सुनिश्चित कर लिया है कि अंतिम दो मुकाबलों के परिणामों का उस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगा कनाडा

आगामी आईसीसी टूर्नामेंट कनाडा का यह दूसरा टी20 वर्ल्ड कप होगा। इससे पहले उसने 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में आयोजित हुए टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी इसी क्वालिफिकेशन प्रक्रिया के जरिए एंट्री मारी थी।

इस बार कनाडा की टीम ने घरेलू हालातों का पूरा फायदा उठाया। इस टूर्नामेंट में अमेरिका की टीम नहीं खेल रही थी, क्योंकि वह पहले से ही 2026 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। ऐसे में कनाडा प्रबल दावेदार मानी जा रही थी और उसने उम्मीद के अनुसार शानदार प्रदर्शन किया।

बहामास के खिलाफ शानदार गेंदबाजी

बहामास के खिलाफ खेले गए अंतिम मुकाबले में कनाडा के गेंदबाजों ने कमाल कर दिया। पूरी बहामास टीम 19.5 ओवर में महज 57 रन पर सिमट गई। कनाडा के लिए कलीम सना ने 4 ओवर में 6 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा अंश पटेल ने 7 रन देकर 2 विकेट झटके और शिवम शर्मा ने 2.5 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

इसके बाद कनाडा के बल्लेबाजों ने 5.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। दिलप्रीत बजवा ने 14 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

कनाडा का इस क्वालिफायर में आखिरी मुकाबला रविवार को बरमूडा के खिलाफ होगा। हालांकि, इस मैच का टूर्नामेंट की अंक तालिका पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि कनाडा पहले ही पहले स्थान पर बना हुआ है।

अब तक ये 13 टीमें कर चुकी हैं टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई

कनाडा से पहले 12 टीमें पहले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। इनमें भारत और श्रीलंका मेजबान होने के नाते सीधे टूर्नामेंट में प्रवेश कर चुके हैं। इनके अलावा अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका और वेस्टइंडीज की टीमें भी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।

अब बचे हुए सात स्थानों के लिए मुकाबला होगा। यूरोप क्वालिफायर से दो टीमें, अफ्रीका क्वालिफायर से दो टीमें और एशिया-ईएपी क्वालिफायर से तीन टीमें इस टूर्नामेंट में अपना स्थान बनाएंगी।

भारत और श्रीलंका करेंगे टी वर्ल्ड कप 2026 की संयुक्त मेजबानी

गौरतलब है कि, टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। इस बार भी पिछली बार की ही तरह इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अन्य कौन-कौन सी सात टीमें आगामी आईसीसी टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर पाती हैं।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version