Recordes Made in India vs Australia Champions Trophy 2025 Semi-final: विराट कोहली की शानदार 84 रनों की पारी और मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में जगह बना ली है। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए थे और भारत को 265 रनों का लक्ष्य रखा है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन विराट कोहली ने मोर्चा संभालते हुए 84 रनों की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने। इस मुकाबले में कोहली सहित कई खिलाड़ियों और टीम इंडिया ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। आइए, यहाँ हम उन रिकार्ड्स पर एक नजर डालते हैं-
Champions Trophy 2025: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल मुकाबले में बने सभी रिकॉर्ड्स पर एक नजर
1. लगातार सबसे ज्यादा टॉस हारने वाले दूसरे कप्तान बने रोहित शर्मा
आईसीसी 2025 के पहले सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। लेकिन इस जीत के बावजूद भारत की टॉस में बदकिस्मती का सिलसिला जारी रहा। रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने लगातार 11वां टॉस गंवा दिया। यह सिलसिला 2023 वर्ल्ड कप के फाइनल से शुरू हुआ था।
2. विराट कोहली के नाम आईसीसी वनडे टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर का रिकॉर्ड
इस मैच में विराट कोहली ने 84 रनों की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही विराट ने आईसीसी वनडे टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा 24 बार 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने सचिन तेंदुलकर (23) का रिकॉर्ड तोड़ा।
3. चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में लगातार तीसरा अर्धशतक
विराट कोहली ने Champions Trophy के सेमीफाइनल में लगातार तीसरी बार अर्धशतक लगाया। उन्होंने 2013 में श्रीलंका के खिलाफ 58*, 2017 में बांग्लादेश के खिलाफ 96* और 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 84 रन बनाए। इस तरह से वह यह कारनामा करने वाले वह दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
4. ट्रैविस हेड को शुरूआती 10 ओवरों में आउट करने वाले पहले स्पिनर बने वरुण चक्रवर्ती
वरुण चक्रवर्ती ने सेमीफाइनल में आते ही इतिहास रच दिया। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर Travis Head को पवेलियन भेज दिया। वरुण चक्रवर्ती वनडे क्रिकेट में पावरप्ले के पहले 10 ओवरों में हेड को आउट करने वाले दुनिया के पहले स्पिनर बन गए हैं।
5. वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बने विराट कोहली
विराट कोहली ने इस मैच में एक शानदार कैच लपककर वनडे क्रिकेट में अपने 161 कैच पूरे किए। वह अब रिकी पोंटिंग (160) को पछाड़कर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट में सिर्फ महेला जयवर्धने (218) ही उनसे आगे हैं।
6. केएल राहुल बने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन पूरे करने वाले तीसरे भारतीय
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने अपनी पारी में 34 रन बनाकर वनडे क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे कर लिए। राहुल ने यह कारनामा सिर्फ 78 पारियों में किया। इसी के साथ, वह शिखर धवन (72) और विराट कोहली (75) के बाद सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बन गए।
7. आईसीसी के नॉकआउट मैचों में भारत का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुआ बेहतर
भारत का आईसीसी टूर्नामेंट्स (वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी) के नॉकआउट मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड अब 4-3 हो गया है। खास बात ये है कि चैंपियंस ट्रॉफी के नॉकआउट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरी बार लगातार हराया है।
8. पांचवीं बार चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में पहुंची टीम इंडिया
टीम इंडिया पांचवीं बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है, जो कि एक रिकॉर्ड है। अगर वह इस बार खिताब जीतती है तो तीन बार चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। इससे पहले भारत ने 2002 (श्रीलंका के साथ संयुक्त विजेता) और 2013 में इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







