आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड 9 मार्च को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर अपनी शानदार फॉर्म के दम पर अहम भूमिका निभा सकते हैं।
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने अब तक इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज से लेकर सेमीफाइनल तक अजेय रहते हुए फाइनल में जगह बनाई है। कोहली ने अब तक टूर्नामेंट में 217 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 72.33 और स्ट्राइक रेट 83.14 का रहा है।
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में विराट कोहली के पास तीन बड़े रिकॉर्ड्स तोड़ने का सुनहरा मौका होगा, जो उन्हें भारत के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल कर सकता है।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल में विराट कोहली तोड़ सकते हैं ये 3 बड़े रिकॉर्ड्स
1. न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की ओर से सबसे ज्यादा वनडे रन
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भारत की ओर से न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 1750 रन बनाए हैं। वहीं, विराट कोहली अब तक कीवी टीम के खिलाफ 1656 रन बना चुके हैं।
अगर कोहली इस मुकाबले में 95 रन बना लेते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की ओर से सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
2. न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड इस समय भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग के नाम है, जिन्होंने कीवी टीम के खिलाफ 6 शतक लगाए हैं।
विराट कोहली भी इस समय 6 शतक लगा चुके हैं। अगर वह फाइनल मुकाबले में शतक जड़ते हैं, तो वह सहवाग को पीछे छोड़कर न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
3. आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन
आईसीसी वनडे टूर्नामेंट्स के नॉकआउट मुकाबलों में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इस समय सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 657 रन बनाए हैं। विराट कोहली अब तक 530 रन बना चुके हैं।
अगर कोहली इस फाइनल मुकाबले में 128 रन बनाते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर इस लिस्ट में टॉप पर पहुंच जाएंगे। इसके अलावा, तेंदुलकर के नाम आईसीसी नॉकआउट मैचों में 6 बार 50+ स्कोर दर्ज हैं, जबकि कोहली के नाम 5 बार 50+ स्कोर हैं। अगर कोहली इस मैच में अर्धशतक लगाते हैं, तो वह इस रिकॉर्ड की बराबरी भी कर लेंगे।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







