Monday, February 2

अमान खान ने झारखंड के खिलाफ 10 ओवर में 123 रन लुटाकर लिस्ट A क्रिकेट का सबसे महंगा स्पेल फेंका।

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में पुद्दुचेरी के कप्तान और IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) द्वारा खरीदे गए अमान खान ने ऐसी गेंदबाजी की, जिसे वह कभी नहीं याद करना चाहेंगे। उन्होंने 10 ओवर में 123 रन दिए और एक भी विकेट हासिल नहीं किया, जिससे लिस्ट A क्रिकेट इतिहास में सबसे महंगा स्पेल बन गया।

इससे पहले अरुणाचल प्रदेश के मिबोम मोसु ने बिहार के खिलाफ 9 ओवरों में 116 रन दिए थे, जो अब लिस्ट A क्रिकेट में सबसे महंगे स्पेल के मामले में दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

झारखंड की बल्लेबाजी ने पुद्दुचेरी को मैच में आने का मौका ही नहीं दिया

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड ने ठोस शुरुआत की और पारी को ऐसी दिशा दी जिससे पुद्दुचेरी की गेंदबाजी बिखरती नजर आई। कप्तान कुमार कुशाग्र ने 104 गेंदों में 105 रन बनाए और बीच में लगातार स्ट्राइक रोटेट करते रहे। उनके बाद उत्कर्ष सिंह ने 70 गेंदों में 74 रन जोड़कर स्कोर को और आगे बढ़ाया। कौनेन कुरैशी ने भी 35 गेंदों में 43 रन जोड़कर पारी को स्थिरता दी जिससे झारखंड लगातार दबदबा बनाए रहा।

अंत में अनुकूल रॉय की तूफानी पारी और अमान का सबसे महंगा स्पेल

झारखंड की पारी का सबसे बड़ा आकर्षण अनुकूल रॉय रहे, जिन्होंने 53 गेंदों में 98 रन बनाए और अंतिम ओवरों में बड़े-बड़े शॉट्स से स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के बीच उत्साह भर दिया। अमान खान के आखिरी ओवर में अनुकूल ने छह गेंदों में 32 रन बटोरे। पूरी पारी में अनुकूल ने अमान की गेंदों पर सात छक्के और तीन चौके जमाए, जिससे गेंदबाज की लय पूरी तरह टूट गई और झारखंड का स्कोर 50 ओवरों में 368 पर पहुंच गया।

झारखंड की गेंदबाजी भी रही प्रभावी, पुद्दुचेरी की पारी ढह गई

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पुद्दुचेरी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई। पुद्दुचेरी की पूरी टीम 41.4 ओवरों में 235 रन पर ढेर हो गई, जिससे झारखंड ने मुकाबला 133 रन से अपने नाम कर लिया। राजनदीप सिंह ने तीन विकेट लिए और अनुकूल रॉय ने गेंद से भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो विकेट हासिल किए, जिसके बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

आईपीएल में खरीदे जाने के बाद ऐसा प्रदर्शन होगा CSK के लिए होगी बड़ी चिंता

अमान खान ने शुरुआत में सौराष्ट्र के लिए अपना डोमेस्टिक क्रिकेट में डेब्यू किया था और बाद में पुद्दुचेरी के लिए खेलने लगे। हाल ही में उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 40 लाख रुपये में खरीदा था।

इससे पहले वे दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का भी हिस्सा रह चुके हैं। इस खराब स्पेल के बाद उनसे उम्मीद रहेगी कि वे आगे बेहतर लय में लौटें, क्योंकि इस प्रदर्शन के बाद उन पर नजरें और भी ज्यादा रहेंगी।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version