Monday, February 2

आईसीसी ने वीमेंस क्रिकेट की टी20 इंटरनेशनल की रैंकिंग जारी कर दी है। इस रैंकिंग में भारतीय युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने शानदार वापसी की है। श्रीलंका के खिलाफ घरेलू T20I सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत शेफाली ने चार स्थान की छलांग लगाई है और अब वह छठे नंबर पर पहुंच गई हैं।

शेफाली इससे पहले साल 2020 में T20I बल्लेबाजों की नंबर-1 रैंकिंग हासिल कर चुकी हैं। वह ऐसा करने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनी थीं। उनसे पहले यह मुकाम सिर्फ मिताली राज ने हासिल किया था। हाल के दिनों में शेफाली ने अपनी खोई हुई फॉर्म दोबारा पा ली है, जिसका असर अब रैंकिंग में भी साफ दिखाई दे रहा है।

शेफाली ने वीमेंस वर्ल्ड कप में किया था शानदार प्रदर्शन

ICC Latest T20I Womens Rankings
ICC Latest T20I Womens Rankings

पिछले महीने खेले गए ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में शेफाली ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने उस मुकाबले में 87 रन बनाए और साथ ही 2 विकेट भी लिए। उनकी इस ऑलराउंड परफॉर्मेंस की बदौलत भारत ने पहली बार वीमेंस वर्ल्ड कप अपने नाम किया। 21 साल की शेफाली ने उसी लय को श्रीलंका के खिलाफ T20I सीरीज में भी बरकरार रखा है।

श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा T20I सीरीज में शेफाली अब तक तीन अर्धशतक लगा चुकी हैं और वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनी हुई हैं। रैंकिंग में वह अब ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी से पीछे हैं, जो इस समय नंबर एक पर हैं।

टॉप 10 में भारतीयों का कब्ज़ा

T20I बल्लेबाजों की टॉप-5 रैंकिंग में बेथ मूनी पहले, वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज दूसरे, भारत की स्मृति मंधाना तीसरे, ऑस्ट्रेलिया की ताहलिया मैकग्राथ चौथे और साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वरार्ड्ट पांचवें स्थान पर हैं। टॉप-10 बल्लेबाजों में कुल तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें शेफाली और स्मृति के अलावा जेमिमा रोड्रिगेज भी हैं, जो एक स्थान नीचे खिसककर अब दसवें नंबर पर पहुंच गई हैं।

रेणुका और दीप्ति ने भी लगाई रैंकिंग में उछाल

गेंदबाजों की T20I रैंकिंग में भी भारत के लिए अच्छी खबर रही। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे मैच में वापसी करते हुए चार विकेट लिए, जिसका फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला। उन्होंने आठ स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से छठा स्थान हासिल किया है।

T20I गेंदबाजों की रैंकिंग में दीप्ति शर्मा अब भी पहले नंबर पर बनी हुई हैं, जबकि T20I ऑलराउंडरों की रैंकिंग में वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज शीर्ष पर कायम हैं।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version