Dawid Malan Retires From International Cricket
इंग्लैंड के 37 वर्षीय बल्लेबाज डेविड मलान (Dawid Malan) ने गुरूवार को अचानक से अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है। हालाँकि, वह घरेलू और लीग क्रिकेट में सक्रिय रहेंगे। उन्होंने अपनी बढती उम्र और इंग्लैंड टीम के भविष्य को देखते हुए यह फैसला लिया है।
बता दें कि, टी20 क्रिकेट में डेविड मलान ने हर जगह काफी अच्छा प्रदर्शन किया है, इसीलिए टी20 फ्रेंचाइज सर्किट में उनकी मांग जरुर रहेगी। हाल ही वह द हंड्रेड में ओवल इनविंसिबल्स के लिए खेलते दिखे थे, जहाँ उन्होंने टीम को मेन्स हंड्रेड में जीत दिलाने में मदद की थी। इससे दो साल पहले वह ट्रेंट रॉकेट्स टीम का हिस्सा थे, जिसने 2022 का खिताब जीता था।

इतना ही नहीं, मलान ने पिछले सीजन सनराइजर्स ईस्टर्न केप को SA20 का दूसरा सीज़न जीतने में भी मदद की। इसके अलावा, वह PSL 2024 में मुल्तान सुल्तान्स के लिए भी खेलते दिखे थे, जिसने उस सीजन शादाब खान की कप्तानी में खिताबी जीत हासिल की थी।
ऐसा रहा है डेविड मलान का अन्तर्राष्ट्रीय करियर
बाएँ हाथ के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज डेविड मलान (Dawid Malan) का अन्तर्राष्ट्रीय करियर उतना बड़ा नहीं रहा है। हालाँकि, बड़े ही कम समय में वो टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में नंबर 1 बल्लेबाज बन गए थे और लंबे समय तक इस स्थान पर उनका कब्ज़ा बना रहा था। उन्होंने अपने 7 सालों के अन्तर्राष्ट्रीय करियर में मात्र 22 टेस्ट, 30 वनडे और 62 टी20 अन्तर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले।
डेविड मलान का टी20 अन्तर्राष्ट्रीय करियर

डेविड मलान (Dawid Malan) ने 25 जून 2017 को कार्डिफ में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने पहले ही मुकाबले में 44 गेंदों पर 78 रनों की पारी खेली थी और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। मलान ने अपने टी20 अन्तर्राष्ट्रीय करियर में कुल 62 मुकाबले खेले, जिसकी 60 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 36.38 की औसत और 132.49 की स्ट्राइक रेट से 1892 रन बनाए। उन्होंने इस फॉर्मेट में 103* रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी के साथ एक शतक और 16 अर्धशतक भी लगाए।
डेविड मलान का वनडे अन्तर्राष्ट्रीय करियर

डेविड मलान ने 03 मई 2019 को डबलिन (मलाहाइड) में आयरलैंड के खिलाफ वनडे अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने पहले वनडे मुकाबले में 30 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 24 रन बनाए थे। मलान ने अपने वनडे अन्तर्राष्ट्रीय करियर में कुल 30 मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 55.76 की शानदार औसत और 97.44 की स्ट्राइक रेट से 1450 रन बनाए। उन्होंने इस फॉर्मेट में 140 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी के साथ 6 शतक और 7 अर्धशतक भी लगाए।
डेविड मलान का टेस्ट करियर

लिमिटेड ओवर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले डेविड मलान (Dawid Malan) का टेस्ट करियर उतना अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने 27 जुलाई 2017 को द ओवल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अपने टेस्ट डेब्यू मुकाबले में क्रमशः 1 और 11 रन बनाए थे। मलान ने अपने टेस्ट क्रिकेट करियर में कुल 22 मुकाबले खेले, जिसकी 39 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 27.53 की औसत से 1074 रन बनाए। उन्होंने इस फॉर्मेट में 140 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी के साथ एक शतक और 9 अर्धशतक भी लगाए।

