Saturday, February 7

भारतीय अंडर-19 टीम छठी बार खिताब जीतने के इरादे से इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में उतरेगी।

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है, जहां India Under-19 टीम और England Under-19 टीम फाइनल में आमने-सामने होंगी। हरारे में खेले जाने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में अब तक अपराजित रही हैं। यही वजह है कि यह फाइनल सिर्फ ट्रॉफी का नहीं बल्कि दबाव, धैर्य और बड़े मंच पर प्रदर्शन का इम्तिहान भी है।

बता दें कि, भारत 11वीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा है, जबकि इंग्लैंड की टीम 1998 के बाद अपना दूसरा खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

भारत ने रिकॉर्ड रन चेज करके फाइनल में बनाई है जगह

भारत ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ जो किया, वह टूर्नामेंट इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज था। 311 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने बिना घबराहट के खेल दिखाया। ओपनर आरोन जॉर्ज ने 115 रन की शानदार पारी खेली और टीम ने 53 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस जीत ने साफ दिखा दिया कि भारत की बल्लेबाजी इस वक्त जबरदस्त लय में है। टॉप ऑर्डर से लेकर मिडिल ऑर्डर तक हर बल्लेबाज जिम्मेदारी समझकर खेल रहा है और यही फाइनल में उनकी सबसे बड़ी ताकत बन सकती है।

कप्तान ने दिखाई इंग्लैंड को फाइनल की राह

इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में एंट्री मारी है। कप्तान थॉमस रेव ने दबाव में शतक जड़ते हुए टीम को 27 रनों की जीत दिलाई। पूरे टूर्नामेंट में इंग्लैंड की बल्लेबाजी अनुशासित और संतुलित नजर आई है।

कप्तान थॉमस रेव अब तक टूर्नामेंट में 299 रन बना चुके हैं और उनका औसत 74 से ऊपर का है। बड़े मैचों में शांत रहकर खेलने की उनकी क्षमता इंग्लैंड के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।

भारत अंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 फाइनल में किन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

भारत की ओर से आरोन जॉर्ज पर एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी होगी। सेमीफाइनल में मिली लय अगर वह फाइनल में भी बरकरार रखते हैं, तो इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

इंग्लैंड की तरफ से कप्तान थॉमस रेव के साथ उनकी स्पिन खेलने की क्षमता अहम होगी। हरारे की पिच अगर थोड़ा भी टर्न देती है, तो रेव का फुटवर्क और धैर्य मैच की दिशा बदल सकता है।

पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल

हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच इस टूर्नामेंट में बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है। भारत बनाम अफगानिस्तान सेमीफाइनल में दोनों टीमों ने मिलकर 621 रन बनाए थे, जिससे साफ है कि गेंद बल्ले पर अच्छे से आ रही है।

फाइनल में भी पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी रहने की उम्मीद है। हालांकि, इस मुकाबले में मौसम पर खास नजर रहेगी, क्योंकि मैच के दौरान हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। यह मैच स्थानीय समयानुसार सुबह शुरू होगा और उस दौरान तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।

आंकड़े जो फाइनल को बनाते हैं खास

इंग्लैंड ने अब तक सिर्फ एक बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता है, जो उन्होंने 1998 में अपने नाम किया रहा। इसके बाद वे सिर्फ एक बार (2022 में) फाइनल में पहुंचे, जहां उन्हें भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

दूसरी ओर, भारत अब तक पांच बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत चुका है और यह उसका 11वां फाइनल है। इस टूर्नामेंट में हरारे में खेले गए मैचों में औसत रन रेट 5.42 रहा है, लेकिन हालिया मुकाबलों ने दिखाया है कि बड़े स्कोर भी संभव हैं।

इतिहास और भविष्य आमने-सामने

एक तरफ भारत का अनुभव और फाइनल खेलने की आदत है, तो दूसरी तरफ इंग्लैंड की भूख और नई पीढ़ी का आत्मविश्वास है। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि भविष्य के सितारों का मंच है। अब देखना होगा कि भारत छठा खिताब जीतकर इतिहास और मजबूत करता है या इंग्लैंड 28 साल बाद फिर से चैंपियन बनकर नई कहानी लिखता है।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version