2025 में इंग्लैंड और भारत के बीच खेली गई पांच मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2-2 से ड्रॉ रही। द ओवल में खेले गए अंतिम मुकाबले में भारतीय टीम ने 6 रनों से करीबी जीत दर्ज करके सीरीज को बराबरी पर समाप्त किया। इस मुकाबले में मोहम्मद सिराज 9 विकेट लेकर (4/86 और 5/104) प्लेयर ऑफ द मैच बने।
भारत की पहली पारी रही औसत, करुण नायर ने बनाए सबसे ज्यादा रन
मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय बल्लेबाज इंग्लिश गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए और पूरी टीम 224 रन पर ही सिमट गई। करुण नायर ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए और वह पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन और लेंथ से बल्लेबाजी क्रम को बांधे रखा।
इंग्लैंड को भी नहीं मिली बड़ी बढ़त, भारत को मिला हल्का झटका
जवाब में इंग्लैंड ने भी संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की और पहली पारी में 247 रन बनाए। इस पारी में जैक क्रॉली ने 64 रन और हैरी ब्रूक ने 53 रन की अर्धशतकीय पारियां खेलीं। इस तरह पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड को 23 रनों की बढ़त मिली।
यशस्वी जायसवाल का शतक और लोअर ऑर्डर का धमाल
दूसरी पारी में भारत ने शानदार वापसी की और बल्लेबाजों ने पहले से ज्यादा अनुशासित बल्लेबाजी दिखाई। यशस्वी जायसवाल ने एक लाजवाब शतक जमाया और 118 रन की पारी खेली।
उनके अलावा, नाईट वॉचमैन आकाश दीप (64 रन), रविंद्र जडेजा (53 रन) और वाशिंगटन सुंदर (53 रन) ने भी अहम योगदान दिया। भारत ने दूसरी पारी में कुल 396 रन बनाए और इंग्लैंड को जीत के लिए 374 रनों का लक्ष्य दे डाला।
जो रूट का जवाब, चौथे दिन मैच पर छाई इंग्लैंड की जोड़ी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने तीसरे दिन के अंत में 50 रन पर पहला विकेट गंवा दिया। चौथे दिन की शुरुआत भी उनके लिए कठिन रही, जब 123 रन तक उनके तीन विकेट गिर चुके थे। इसी मोड़ पर जो रूट और हैरी ब्रूक के बीच 195 रनों की साझेदारी हुई, जिसने मैच में इंग्लैंड की वापसी की नींव रखी।
हैरी ब्रूक ने शानदार 111 रन बनाए और जब टीम का स्कोर 301 रन था, वह चौथे विकेट के रूप में आउट हो गए। इसके बाद जो रूट ने जिम्मेदारी संभाली और 105 रन बनाकर आउट हुए। हालाँकि, इससे पहले जैकब बेथल आउट हो चुके थे। रूट के रूप में इंग्लैंड ने अपना छठा विकेट खोया। उस समय उन्हें जीत के लिए 37 रनों की जरूरत थी।
पांचवें दिया छाया मोहम्मद सिराज का जादू
पांचवें दिन का खेल शुरू होते ही मोहम्मद सिराज ने अपनी घातक गेंदबाजी के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिए। उन्होंने अंतिम दिन 3 विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने भी दूसरे छोर से एक विकेट लिया।
सिराज ने पांचवीं पारी में 5 विकेट और कृष्णा ने 4 विकेट चटकाए। इस तरह से भारत ने 6 रनों के करीबी अंतर से जीत हासिल की। सिराज को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
हैरी ब्रूक और शुभमन गिल बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय कप्तान शुभमन गिल और इंग्लिश मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैरी ब्रूक को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया है। गिल ने इस सीरीज में 10 पारियों में 754 रन बनाए, जबकि ब्रूक के नाम 481 रन रहे। ब्रूक ने अंतिम टेस्ट मैच की पहली पारी में अर्धशतक और दूसरी पारी में शतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुँचाया था, जबकि गिल ने इस सीरीज में रनों के मामले में कई सारे रिकॉर्ड बनाए और तोड़े।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







