Indian Cricketers Who Retired Together
हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने जीत दर्ज करके ट्रॉफी अपने नाम की। जहाँ एक ओर रोहित शर्मा ने दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता, तो वहीं दूसरी ओर विराट कोहली एवं अन्य खिलाडियों के लिए यह उनका पहला खिताब रहा। इस मुकाबले के तुरंत बाद अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया। इसके ठीक अगले ही दिन भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने भी इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया। तीनों ही खिलाड़ी बड़े लंबे समय से भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे थे।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब भारतीय क्रिकेटरों की जोड़ियों ने एक साथ संन्यास लिया है। इससे पहले भी दो जोड़ियाँ अलग-अलग फॉर्मेट से या अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट से एक साथ संन्यास ले चुकी हैं। इस सूची में एक जोड़ी ऐसी भी है, जिसकी भारतीय क्रिकेट में दोस्ती की मिसाल दी जाती है। यहाँ हम आपको उन 3 भारतीय क्रिकेटरों की जोड़ियों की जानकारी देने जा रहे हैं, जिन्होंने एक साथ संन्यास लिया है।
3 दिग्गज भारतीय क्रिकेटरों की जोड़ियाँ जिन्होंने एक साथ लिया संन्यास | Indian Cricketers Who Retired Together
3. विराट कोहली और रोहित शर्मा

टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम करते ही अनुभवी भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने फाइनल मुकाबले में 59 गेंदों पर 76 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
उनके अलावा, भारत को टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कप्तान रोहित शर्मा ने फाइनल मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। इस तरह से कोहली और रोहित की जोड़ी भारतीय क्रिकेटरों की तीसरी ऐसी जोड़ी बन गई, जिन्होंने एक साथ संन्यास लिया।
2. एमएस धोनी और सुरेश रैना

सभी भारतीय फैंस यह अच्छी तरह से जानते हैं कि एमएस धोनी और सुरेश रैना की दोस्ती कितनी गहरी है। इन दोनों दिग्गजों ने एक ही साथ अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था। भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे दिग्गज कप्तान एमएस धोनी ने 15 अगस्त 2020 को एक इंस्टाग्राम वीडियो पोस्ट के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
धोनी के संन्यास लेने के तुरंत बाद सुरेश रैना ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। दोनों खिलाड़ी उसके बाद आईपीएल खेलते रहे। हालाँकि, रैना अब क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले चुके हैं, जबकि धोनी अब भी आईपीएल में सक्रिय हैं।
1. सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़

भारत के दो पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ ने 2013 में एक साथ टी20 क्रिकेट से संन्यास लिया था। चैंपियंस लीग ट्वेंटी 20 टूर्नामेंट में मुम्बई इंडियंस की खिताबी जीत और राजस्थान रॉयल्स के उपविजेता बनने के बाद दोनों दिग्गजों ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों को अलविदा कह दिया था। उस टूर्नामेंट में तेंदुलकर मुंबई इंडियंस के लिए और द्रविड़ राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे।
बता दें कि, क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद राहुल द्रविड़ भारतीय टीम के कोच भी रहे, जबकि सचिन आईपीएल में मुंबई इंडियंस के मेंटर के तौर पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा, सचिन लीजेंड्स लीग, वर्ल्ड रोड सेफ्टी सीरीज, इत्यादि खेलते दिखाई देते हैं।
Indian Cricketers Who Retired Together







