आईपीएल 2026 में बिहार के तीन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से मैच का रुख बदलकर खास पहचान बनाई है।

आईपीएल 2026 के 32 मुकाबलों के बाद अब तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है और इसी बीच कुछ खिलाड़ियों ने लगातार शानदार प्रदर्शन करके अपनी अलग पहचान बनाई है। खास बात यह है कि इस सीजन बिहार में जन्मे कई खिलाड़ी अलग-अलग टीमों के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें से कुछ खिलाड़ी तो अपनी टीमों के लिए सबसे बड़े गेमचेंजर भी साबित हुए हैं।

हालांकि, बिहार जैसे राज्य से निकालकर आईपीएल जैसे बड़े मंच पर आकर अपना जलवा बिखेरना किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए आसान बात नहीं है। इस सीजन अब तक तीन खिलाड़ियों ने आईपीएल 2026 में बेहतरीन प्रदर्शन करके अपने राज्य का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। यहां हम आपको उन तीन बिहार के खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आईपीएल 2026 में अब तक सब पर भारी पड़े हैं।

ये हैं IPL 2026 में अब तक छाए हुए 3 बिहारी खिलाड़ी

3. साकिब हुसैन (सनराइजर्स हैदराबाद)

14 दिसंबर 2014 को बिहार के गोपालगंज में जन्मे तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने इस सीजन सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए डेब्यू करते ही सबको चौंका दिया। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ हैदराबाद में अपना पहला मुकाबला खेलते हुए 4/24 का शानदार स्पेल फेंका, जो इस सीजन अब तक का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बेहतरीन स्पेल भी है।

साकिब हुसैन ने इस सीजन अब तक 3 मैचों में 7.08 की इकॉनमी से गेंदबाजी करते हुए मात्र 14.17 की औसत से 6 विकेट हासिल किए हैं। इस सीजन वह सबसे अच्छी गेंदबाजी औसत के मामले में भी अब तक पहले स्थान पर चल रहे हैं, जबकि बेस्ट इकॉनमी के मामले में तीसरे स्थान पर हैं।

2. वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स)

बिहार के समस्तीपुर में जन्मे 15 वर्षीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस सीजन राजस्थान रॉयल्स ओपनिंग करते हुए सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक बनकर उभरे हैं। उन्होंने अब तक 7 मैचों में 36.28 की औसत और 220.86 की शानदार स्ट्राइक रेट से 254 रन बनाए हैं।

वैभव का इस सीजन सर्वश्रेष्ठ स्कोर 78 रन रहा है, जबकि वह अब तक 26 चौके और 20 छक्के लगा चुके हैं। इससे साफ है कि वह शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाते हैं और टीम को तेज शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

1. ईशान किशन (सनराइजर्स हैदराबाद)

बिहार की राजधानी पटना में जन्मे बाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज और पॉकेट डायनेमो के नाम से पहचाने जाने वाले ईशान किशन इस सीजन अब तक बल्ले से और कप्तानी दोनों ही मामले में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं और तेजतर्रार गति से रन भी बना रहे हैं।

ईशान ने इस सीजन अब तक 7 मैचों में 34.00 की औसत और 188.88 की स्ट्राइक रेट से 238 रन बनाए हैं, जिसमें 91 रनों की एक बड़ी पारी भी शामिल है। इस दौरान उनके बल्ले से 24 चौके और 13 छक्के भी निकले हैं।

सबसे खास बात यह है कि पैट कमिंस की अनुपस्थिति में वह आईपीएल में पहली बार किसी टीम यानी सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी कर रहे हैं। उनकी कप्तानी में SRH ने अब तक 7 में से 4 मुकाबले जीते हैं और पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है।

आईपीएल 2026 में बिहार के इन तीन खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी भी क्षेत्र से निकलकर बड़े मंच पर छा सकती है। वैभव सूर्यवंशी ने ओपनिंग में आक्रामक शुरुआत दी है, ईशान किशन ने बल्लेबाजी के साथ नेतृत्व में भी असर डाला है, जबकि साकिब हुसैन ने गेंद से मैच का रुख बदला है। अगर इनका यही प्रदर्शन जारी रहा, तो ये तीनों खिलाड़ी इस सीजन के सबसे बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं।

(Note: यहाँ दिए गए सभी आँकड़े 22 अप्रैल 2026 को खेले गए लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच तक अपडेटेड हैं।)

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version