Monday, August 18

IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का 33वां मुकाबला आज वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें अब तक 6-6 मैच खेल चुकी हैं, लेकिन सिर्फ 2 ही मुकाबले जीत पाई हैं। SRH जहां पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है, वहीं MI 7वें नंबर पर खड़ी है। ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिहाज़ से बेहद अहम हो गया है।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करेगी मुंबई

IPL 2025, MI vs SRH
IPL 2025, MI vs SRH/Getty Images

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतते ही फील्डिंग का फैसला किया। हार्दिक ने कहा कि “हमने यह निर्णय ड्यू फैक्टर को ध्यान में रखते हुए लिया है। बुमराह पूरी तरह फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं।” वहीं SRH के कप्तान पैट कमिंस ने भी आत्मविश्वास दिखाते हुए कहा कि पिच अच्छी लग रही है और वो टॉस हारने से ज्यादा परेशान नहीं हैं।

SRH की फॉर्म चिंता का विषय

सनराइजर्स हैदराबाद को लगातार चार मैचों में हार मिली है और सिर्फ पिछले मैच में जीत हासिल कर पाई है। उनका ओपनिंग कॉम्बिनेशन ‘Travishek’ यानी ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा दो जीतों में टीम की रीढ़ रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या SRH इस एक ही जोड़ी पर ज़्यादा निर्भर हो चुकी है? अगर यह जोड़ी फेल हुई, तो टीम का मिडिल ऑर्डर कितना टिकेगा, इस पर सवाल उठ रहे हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

मुंबई इंडियंस XI: रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिशेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, कर्ण शर्मा

सनराइजर्स हैदराबाद XI: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, मोहम्मद शमी, जीशान अंसारी, ईशान मलिंगा

मुंबई का घरेलू मैदान, लेकिन प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला

मुंबई इंडियंस का यह घरेलू मैदान जरूर है, लेकिन इस सीजन अब तक वो स्थिर प्रदर्शन नहीं कर पाई है। हालांकि वानखेड़े पर आखिरी मैच में उन्होंने KKR को मात्र 116 पर रोककर 43 गेंदें शेष रहते जीत हासिल की थी। आज का मुकाबला उसी पिच पर हो रहा है, जिससे MI को थोड़ी मनोवैज्ञानिक बढ़त मिल सकती है।

आज के मुकाबले में इन खिलाड़ियों पर रहेगी नज़र

IPL 2025, MI vs SRH
IPL 2025, MI vs SRH Suryakunar Yadav/Getty Images

मुंबई इंडियंस के लिए सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले 10 मुकाबलों में 408 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 155.13 है। इसके अलावा तिलक वर्मा और हार्दिक पंड्या की बल्लेबाज़ी भी टीम के लिए अहम रहेगी। गेंदबाज़ी में बुमराह और हार्दिक पंड्या पर निगाहें होंगी, जो लगातार विकेट निकाल रहे हैं।

SRH की तरफ से हेनरिक क्लासेन और अभिषेक शर्मा बल्ले से धमाका कर सकते हैं। गेंदबाज़ी में हर्षल पटेल और पैट कमिंस से उम्मीदें होंगी कि वे MI के टॉप ऑर्डर को जल्दी समेट पाएं।

पिच रिपोर्ट

वानखेड़े की इस पिच को लेकर माइकल क्लार्क ने कहा है कि यह थोड़ी “tacky” है यानी शुरुआती ओवर्स में गेंदबाज़ों को थोड़ी मदद मिल सकती है। हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, पिच सूखती जाएगी और बल्लेबाज़ों के लिए आसान होती जाएगी। पिच पर घास की अच्छी परत है, जिससे बाउंस भी देखने को मिलेगा। साथ ही ड्यू फैक्टर दूसरे इनिंग में भूमिका निभा सकता है, इसी वजह से मुंबई ने पहले गेंदबाज़ी चुनी।

आज का मुकाबला क्यों है खास?

MI और SRH दोनों ही टीमों के पास ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अकेले दम पर मैच पलट सकते हैं। लेकिन सीज़न के इस मोड़ पर अब सिर्फ नाम नहीं, परफॉर्मेंस मायने रखती है। मुंबई में चार कप्तानों वाले खिलाड़ी हैं जिन्होंने टीम इंडिया को भी लीड किया है, वहीं SRH पिछले साल फाइनल तक पहुंच चुकी थी। ऐसे में आज का मैच सिर्फ दो पॉइंट्स की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे सीजन के भविष्य को तय कर सकता है।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Sports Content Writer शिव मंगल सिंह (Shiv Mangal Singh) एक स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं, जो खेलों की दुनिया की बारीकियों को समझने और उसे सरल, सटीक और प्रभावशाली अंदाज में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वे क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस और अन्य खेलों की ख़बरें लिखने में महारत रखते हैं। उनकी लेखनी का उद्देश्य पाठकों को ताजा और सटीक जानकारियों के साथ अपडेट रखना है।

Leave A Reply

Exit mobile version