यहाँ जानिए IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स में कौन ज्यादा मजबूत है।
आईपीएल 2026 का लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (LSG vs CSK) मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स अभी भी प्लेऑफ की रेस में पूरी तरह से बनी हुई है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स अब टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।
बता दें कि, चेन्नई सुपर किंग्स इस समय 11 मैचों में 12 अंकों और +0.18 के नेट रन रेट के साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के खाते में 11 मैचों में सिर्फ 4 अंक हैं और टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। ऐसे में दोनों टीमों पर अलग-अलग तरह का दबाव रहने वाला है।
आईपीएल 2026 में फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स की सबसे बड़ी चिंता क्या है
चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन लगातार चोटों से जूझती नजर आई है। एमएस धोनी पहले ही चोट के चलते टीम से बाहर हैं, जबकि जेमी ओवरटन भी पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। इससे टीम का संतुलन काफी प्रभावित हुआ है।
ओवरटन की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि वह गेंद और बल्ले दोनों से योगदान दे रहे थे। अब टीम को नए खिलाड़ियों पर भरोसा करना पड़ रहा है।
हालांकि, पिछले मुकाबले में उर्विल पटेल ने शानदार बल्लेबाजी की थी और मात्र 13 गेंदों पर ही अर्धशतक जड़ दिया था, लेकिन टीम चाहेगी कि डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाज लगातार प्रदर्शन करें।
यह भी पढ़ें: लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स हेड टू हेड रिकॉर्ड, IPL में किस टीम का पलड़ा रहा है भारी
लखनऊ सुपर जायंट्स क्यों हो सकती है खतरनाक टीम
लखनऊ सुपर जायंट्स भले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हो, लेकिन टीम के पास अब भी कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो अकेले मैच का रुख बदल सकते हैं। मिचेल मार्श, निकोलस पूरन और ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज अगर लय में आ जाते हैं, तो किसी भी बॉलिंग अटैक को मुश्किल में डाल सकते हैं।
खासकर मार्श ने लखनऊ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए पिछले ही मुकाबले में शानदार शतक लगाकर अपनी फॉर्म दिखा दी थी। यही वजह है कि चेन्नई सुपर किंग्स इस मुकाबले में लखनऊ को बिल्कुल हल्के में नहीं लेना चाहेगी।
LSG vs CSK: गेंदबाजी में कौन आगे है
गेंदबाजी विभाग में चेन्नई सुपर किंग्स थोड़ी ज्यादा संतुलित नजर आती है। अंशुल कंबोज पॉवरप्ले और डेथ ओवरों में विकेट ले रहे हैं, जबकि अफगान स्पिनर नूर अहमद भी लगातार विकेट निकाल रहे हैं और बीच के ओवरों में टीम को नियंत्रण दिला रहे हैं।
इसके अलावा अकील हुसैन का मिचेल मार्श के खिलाफ रिकॉर्ड भी काफी अच्छा रहा है, जो इस मुकाबले का बड़ा फैक्टर बन सकता है। वहीं लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी और आवेश खान पर बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है।
लखनऊ की पिच पिछले मैच में बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार रही थी, जहां 400 से ज्यादा रन बने थे। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवरों में 209 रन बनाए थे, जिसे चेज करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 203 रन बनाए थे। ऐसे में इस बार भी हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: LSG vs CSK मैच आज, जानें पिच रिपोर्ट, मौसम का हाल और अन्य जानकारी
LSG vs CSK मैच का टर्निंग पॉइंट क्या हो सकता है
इस मुकाबले में पॉवरप्ले सबसे अहम भूमिका निभा सकता है। अगर लखनऊ के बल्लेबाज शुरुआत में तेजी से रन बना लेते हैं, तो चेन्नई पर दबाव बढ़ सकता है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स चाहेगी कि उसके स्पिन गेंदबाज बीच के ओवरों में मैच को कंट्रोल करें। इसीलिए, उनके लिए शुरुआती विकेट निकालना बेहद जरूरी रहने वाला है।
आईपीएल 2026 में दोनों टीमों के बीच चेन्नई में खेले गए पिछले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 204 रनों का बड़ा लक्ष्य हासिल किया था। यही वजह है कि इस बार भी दोनों टीमों के बीच हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।
यह भी पढ़ें: LSG VS CSK Playing XI: आज कौन खेलेगा, दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
क्या चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की उम्मीद मजबूत कर सकती है?
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि इस मैच में जीत के साथ वह पॉइंट्स टेबल में सीधे टॉप 4 में पहुंच सकती है। इतना ही नहीं, यदि वह इस मैच में बड़ी जीत हासिल करती है, तो वह सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स को पीछे छोड़कर सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच सकती है।
अगर चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज जिम्मेदारी निभाते हैं और गेंदबाज सही समय पर विकेट निकालते हैं, तो वह इस मुकाबले में बढ़त हासिल कर सकती है। वहीं हार की स्थिति में प्लेऑफ की राह मुश्किल हो सकती है, क्योंकि तब उनके पास अधिकतम 16 अंकों तक पहुंचने का मौका होगा।
LSG vs CSK में किस टीम का पलड़ा भारी नजर आ रहा है?
मौजूदा फॉर्म, टीम संतुलन और प्लेऑफ की स्थिति को देखते हुए चेन्नई सुपर किंग्स इस मुकाबले में थोड़ी मजबूत नजर आती है। हालांकि, लखनऊ सुपर जायंट्स के पास खोने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है, यही चीज उन्हें इस मुकाबले में खतरनाक बना सकती है।
यह भी पढ़ें: LSG vs CSK: आज के मुकाबले में यह टीम मारेगी बाजी, आंकड़े बता रहे हैं सच्चाई
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

