आईपीएल 2025 के समापन के बाद एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट को लेकर चर्चा तेज हो गई है। चेन्नई सुपर किंग्स को इस सीजन आखिरी मुकाबले में जीत दिलाने वाले 43 वर्षीय धोनी ने अपने भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है, लेकिन उन्होंने यह जरूर साफ किया कि वह इस पर सोचने के लिए समय लेंगे।

धोनी ने मैच के बाद पोस्ट-प्रेजेंटेशन में कहा, “यह निर्भर करता है… मैं वही बात दोहराऊंगा, मेरे पास 4-5 महीने हैं सोचने के लिए। कोई जल्दी नहीं है फैसला करने की।”

“शरीर को फिट रखना हर साल 15% और मुश्किल होता है” – धोनी

धोनी ने कहा कि पेशेवर क्रिकेट में लगातार खेलना आसान नहीं होता और हर साल शरीर को फिट रखना और भी मुश्किल हो जाता है।

उन्होंने कहा, “हर साल 15% ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है शरीर को फिट रखने के लिए। ये टॉप लेवल का क्रिकेट है, प्रोफेशनल क्रिकेट है। आपको अपनी बेस्ट हालत में रहना होता है।”

धोनी ने इस दौरान यह भी कहा कि केवल प्रदर्शन के आधार पर क्रिकेटरों को रिटायरमेंट नहीं लेना चाहिए।

उन्होंने कहा, “अगर क्रिकेटर परफॉर्मेंस के आधार पर रिटायर होने लगे तो कुछ तो 22 साल की उम्र में ही रिटायर हो जाएंगे। असल बात ये होती है कि आपके अंदर कितना जोश है, आपकी फिटनेस कैसी है और आप टीम के लिए कितना योगदान दे सकते हैं। टीम को आपकी जरूरत है या नहीं, ये भी मायने रखता है।”

रांची लौटकर लूंगा फैसला, फिलहाल बाइक राइड का लुत्फ उठाऊंगा

धोनी ने कहा कि वे अब कुछ समय रांची में बिताएंगे और अपनी पसंदीदा बाइक राइड्स का आनंद लेंगे।

उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं लंबे समय से घर नहीं गया हूं, अब रांची जाऊंगा… कुछ बाइक राइड्स करूंगा… फिर 1-2 महीने बाद सोचूंगा।”

जब धोनी से दोबारा उनके फैसले के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ किया कि अभी तक उन्होंने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने कहा, “मैं ये नहीं कह रहा कि मैं खत्म हो गया हूं। मैं ये भी नहीं कह रहा कि मैं दोबारा यहीं दिखूंगा। मेरे पास सोचने का समय है और जब यह लक्ज़री हो तो क्यों ना सोच-समझकर फैसला किया जाए?”

इस सीजन सबसे उम्रदराज खिलाड़ी रहे धोनी

आईपीएल 2025 में धोनी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी रहे। ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने के बाद उन्होंने एक बार फिर टीम की कमान संभाली। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 4 में से 3 जीत दर्ज कीं, जबकि टीम को कुल 10 में से 6 मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी।

बल्लेबाज़ी में धोनी ने 13 पारियों में 196 रन बनाए। वे ज्यादातर मौकों पर निचले क्रम में बल्लेबाज़ी करने उतरे और उनकी सबसे बड़ी पारी 30 रनों की रही। हालांकि, उन्होंने कई मौकों पर तेज़ रन बनाकर टीम के स्कोर को बढ़ाने में मदद की और एक मैच में जीत भी दिलाई।

आने वाले महीनों में धोनी लेंगे फैसला

फैंस और क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या धोनी आईपीएल 2026 में खेलते नज़र आएंगे या नहीं। फिलहाल इतना साफ है कि माही जल्दबाज़ी में कोई फैसला नहीं करेंगे और पूरी तरह सोच-विचार के बाद ही अपने भविष्य को लेकर कोई घोषणा करेंगे।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version