Saturday, February 28

IPL 2025 के 54वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 37 रन से हरा दिया। धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 236 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया और फिर अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाज़ी के दम पर लखनऊ को 199 रनों पर रोक दिया।

प्रभसिमरन की तूफानी पारी के चलते पंजाब ने बनाया बड़ा स्कोर

इस मुकाबले में पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही। प्रियांश आर्य सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद प्रभसिमरन ने आक्रामक अंदाज़ में पारी को संभाला। उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में 91 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनके साथ जोश इंगलिस (30 रन, 14 गेंद) ने तेज़तर्रार पारी खेली और स्कोर को तेज़ी से आगे बढ़ाया।

कप्तान श्रेयस अय्यर ने 45 रन बनाए, जबकि अंत में शशांक सिंह (15 गेंदों पर 33 रन) और मार्कस स्टोइनिस (5 गेंदों पर 15 रन) की तेज़ पारी ने टीम को 236 के स्कोर तक पहुंचाया। लखनऊ की गेंदबाज़ी बेहद महंगी साबित हुई, जिसमें मयंक यादव (4 ओवर में 60 रन), आवेश खान (57 रन) और प्रिंस यादव (43 रन) काफी महंगे रहे। सिर्फ आकाश महाराज सिंह और दिग्वेश राठी को 2-2 विकेट मिले।

अर्शदीप की घातक गेंदबाज़ी से लखनऊ की उम्मीदें टूटीं

लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। अर्शदीप सिंह ने पहले ही स्पेल में तीन अहम विकेट झटककर लखनऊ को बैकफुट पर ढकेल दिया। उन्होंने मिचेल मार्श, ऐडन मार्करम और निकोलस पूरन को पवेलियन भेजा। लखनऊ ने पावरप्ले में ही 3 विकेट गंवा दिए और रन रेट भी दबाव में आ गया।

हालांकि, मिडिल ऑर्डर में आयुष बडोनी और अब्दुल समद ने उम्मीदें ज़रूर जगाईं। बडोनी ने 40 गेंदों में 74 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। समद ने भी 24 गेंदों पर 45 रन बनाए और दोनों ने मिलकर 81 रनों की साझेदारी की। लेकिन बड़े लक्ष्य का दबाव और नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों ने लखनऊ की टीम को मैच से बाहर कर दिया।

पंजाब की ओर से अर्शदीप ने सबसे किफायती और घातक गेंदबाज़ी की। उन्होंने 4 ओवरों में सिर्फ 16 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, अजमतुल्लाह और मार्को यांसिन को 2 और 1 विकेट मिले। चहल ने भी एक विकेट हासिल किया, जबकि स्टोइनिस और विशक महंगे साबित हुए।

पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुँची पंजाब किंग्स

इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 के प्लेऑफ की रेस में मजबूत पकड़ बना ली है। इस बड़ी जीत से टीम का नेट रन रेट भी बेहतर हुआ है। अब वह 15 अंकों और +0.376 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर आ गए हैं। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आगे की राह अब और कठिन हो गई है। वह अब 10 अंकों -0.496 के नेट रन रेट के साथ सातवें पर है। दोनों टीमों को आगे तीन-तीन मुकाबले खेलने हैं।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version