IPL Records: आईपीएल 2025 के सीजन में पंजाब किंग्स की टीम उपविजेता रही है। इस बार श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स की टीम को फाइनल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने 6 रन से हराकर खिताब जीत लिया था। इस सीजन में पंजाब किंग्स के सभी गेंदबाजों ने काफी शानदार प्रदर्शन किया था। चलिए किसी एक आईपीएल सीजन में 20 से अधिक विकेट लेने वाले पंजाब किंग्स के गेंदबाजों के बारे में भी जान लेते हैं।
1. हर्षल पटेल :-
साल 2024 के आईपीएल सीजन में हर्षल पटेल ने कुल 14 मैचों में खेलते हुए 19.87 की शानदार गेंदबाजी औसत और 9.73 की इकॉनमी रेट से 24 विकेट लिए थे। तब उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देकर 3 विकेट लेना रहा था।

इसके चलते हुए उनको पिछले आईपीएल सीजन में पर्पल कैप भी मिली थी। इसके अलावा वह 2 अलग-अलग टीमों के लिए पर्पल कैप हासिल करने वाले पहले गेंदबाज भी हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2021 के सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से भी सर्वाधिक विकेट लिए थे।
2. एंड्रयू टाय :-
साल 2018 के आईपीएल सीजन में ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज एंड्रयू टाय ने इस टीम की तरफ से पर्पल कैप हासिल की थी। वहीं टी-20 प्रारूप के इस विशेषज्ञ गेंदबाज ने तब साल 2018 के सीजन में खेले 14 मैचों में 18.67 की बेहतरीन गेंदबाजी औसत और लगभग 8 की इकॉनमी रेट से 24 विकेट लिए थे।

उस सीजन में उन्होंने 3 मैचों में 4-4 विकेट भी लिए थे। उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद भी तब यह टीम उस सीजन प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी थी।
3. कगिसो रबाडा :-
साल 2020 के आईपीएल सीजन में कगिसो रबाडा का काफी शानदार प्रदर्शन रहा था। इस संस्करण में दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने 13 मैचों में खेलते हुए 17.65 की उम्दा गेंदबाजी औसत के साथ 23 विकेट लिए थे।

उस समय उनकी इकॉनमी रेट 8.45 की रही थी। वहीं उस सीजन में वह तीसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। इसके अलावा यह तीसरा ऐसा मौका रहा था जब किसी प्रोटियाज तेज गेंदबाज ने 20 से अधिक विकेट लिए थे।
4. अर्शदीप सिंह :-
आईपीएल 2025 सीजन के लिए पंजाब किंग्स की टीम ने अर्शदीप सिंह को 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। तभी तो उन्होंने इस मौजूदा सीजन में 17 मैचों में 24.66 की औसत और 8.88 की इकॉनमी रेट के साथ 21 विकेट लिए थे।

इसके अलावा इस बार वह अपनी टीम की तरफ से इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। इस बार उन्होंने फाइनल मैच में 40 रन देकर 3 सफलताएं हासिल की थी। इस बीच सबसे दिलचस्प बात यह थी कि उन्होंने अपने आखिरी ओवर के दौरान तीनों विकेट चटकाए थे।
5. मोहम्मद शमी :-
साल 2019 से लेकर 2021 के बीच मोहम्मद शमी ने पंजाब किंग्स टीम का प्रतिनिधित्व किया था। तब वह अपनी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे थे।

वहीं साल 2020 के आईपीएल सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 23 की औसत और 8.57 की इकॉनमी रेट से 20 विकेट लिए थे।तब उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देकर 3 विकेट लेना रहा था। इसके अलावा इस सीजन में वह संयुक्त रूप से छठे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







