Thursday, June 18

मुंबई इंडियंस के अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ ट्रेंट बोल्ट ने राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है। दोनों टीमों के बीच अहम मुकाबले से पहले बोल्ट ने साफ किया कि वह इस 14 वर्षीय बल्लेबाज़ को किसी तरह की चिंता के तौर पर नहीं देखते, बल्कि इसे एक दिलचस्प चुनौती मानते हैं।

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था। यह किसी भी भारतीय खिलाड़ी का IPL इतिहास में सबसे तेज़ शतक है और IPL में दूसरा सबसे तेज़। अब जब मुंबई और राजस्थान आमने-सामने होंगी, तो सबकी निगाहें बोल्ट और सूर्यवंशी की टक्कर पर होंगी।

बोल्ट ने दिया आत्मविश्वास से भरा बयान

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल्ट ने कहा, “मैंने दुनिया के कई बेहतरीन बल्लेबाज़ों को गेंदबाज़ी की है, क्रिस गेल, एबी डिविलियर्स जैसे खिलाड़ी। मैं यह नहीं कहूंगा कि एक 14 साल का खिलाड़ी मुझे चिंतित कर रहा है, लेकिन यह ज़रूर कहूंगा कि यह एक दिलचस्प चुनौती होगी।”

बोल्ट ने आगे कहा, “पूरी दुनिया ने उनका शतक देखा। इतनी छोटी उम्र में ऐसी बल्लेबाज़ी करना वाकई काबिल-ए-तारीफ है। यही इस टूर्नामेंट की खूबसूरती है, जब युवा खिलाड़ी मौका पाकर खुद को साबित करते हैं।”

मुंबई इंडियंस की वापसी

मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट की शुरुआत में कुछ मैच गंवाए थे, लेकिन अब टीम लगातार पांच जीत दर्ज कर चुकी है। बोल्ट ने कहा कि शुरुआती नाकामियों से टीम ने काफी कुछ सीखा और अब हर मैच में थोड़ा-थोड़ा सुधार कर रही है।

उन्होंने कहा, “टी20 क्रिकेट ऐसा ही है। कभी-कभी कुछ बाउंड्रीज़ मैच का रुख बदल देती हैं। हमारी कोशिश रही है कि हर मैच में कुछ प्रतिशत बेहतर खेल दिखाएं और हम अभी भी उसमें आगे बढ़ रहे हैं।”

अहम होगा RR vs MI मुकाबला

मुंबई और राजस्थान दोनों के लिए यह मुकाबला प्लेऑफ़ की तस्वीर को तय करने वाला हो सकता है। एक तरफ मुंबई की निगाहें जीत की लय बनाए रखने पर होंगी, तो दूसरी तरफ राजस्थान के लिए भी यह मुकाबला खुद को मज़बूत स्थिति में रखने का मौका होगा। लेकिन चर्चा का विषय यही रहेगा कि क्या अनुभवी ट्रेंट बोल्ट युवा वैभव सूर्यवंशी को चौंका पाएंगे या फिर यह नाबालिग बल्लेबाज़ एक और धमाका करेगा।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version