टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक अंत हो चुका है। करीब एक महीने तक चले इस टूर्नामेंट में दर्शकों को हर दिन रोमांच से भरे मुकाबले देखने को मिले। आखिरकार क्रिकेट जगत को इस साल का नया टी20 चैंपियन मिल गया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए एक बार फिर खिताब अपने नाम कर लिया। कुल मिलकर टी20 वर्ल्ड कप में ये टीम इंडिया की तीसरी जीत है।
अब इसके बाद फैंस के मन में यह सवाल भी उठ रहा है कि अगला टी20 वर्ल्ड कप कब होगा, इसकी मेजबानी किन देशों के पास होगी, इस टूर्नामेंट में कितनी टीमें हिस्सा लेंगी और अब तक कौन-कौन सी टीमें इसके लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं।
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेला जाएगा टी20 वर्ल्ड कप का 11 वां सीजन
आईसीसी हर दो साल में टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन करता है। साल 2024 में भी यह टूर्नामेंट खेला गया था और दो साल बाद एक बार फिर इसका आयोजन हुआ। इस बार भारत में होने की वजह से टूर्नामेंट को लेकर फैंस में पहले से ज्यादा उत्साह और रोमांच देखने को मिला।
अगर आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स की बात करें, तो साल 2027 में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाएगा। इसके बाद 2028 में फिर से टी20 वर्ल्ड कप आयोजित किया जाएगा। मेजबानी की बात करें तो अगला टी20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन, अक्टूबर से नवंबर के बीच किया जायेगा
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप 2028 अक्टूबर से नवंबर के बीच आयोजित होने की संभावना है। फिलहाल टूर्नामेंट का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि इसकी शुरुआत अक्टूबर के मध्य में हो सकती है और फाइनल मुकाबला नवंबर के मध्य तक खेला जा सकता है।
पिछले टूर्नामेंट की तरह ही टी20 वर्ल्ड कप 2028 में भी कुल 20 टीमें हिस्सा लेती नजर आएंगी।
12 टीमों की अगले साल के टी20 वर्ल्ड कप में जगह पक्की, जाने इनके नाम
अगले टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह पहले ही पक्की कर ली है। चूंकि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड इस टूर्नामेंट के मेज़बान हैं, उनकी जगह पहले से सुनिश्चित थी। इस साल ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले ही राउंड में बाहर हो गई, जबकि न्यूजीलैंड ने शानदार खेल देखाते हुए फाइनल तक का सफर तय किया।
साल 2026 में सुपर-8 में जगह बनाने वाली आठ टीमों ने भी सीधे अगले वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इनमें भारत, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और जिम्बाब्वे शामिल हैं। इसके अलावा रैंकिंग के आधार पर अफगानिस्तान, बांग्लादेश और आयरलैंड की टीमें भी 2028 के टी20 विश्व कप में खेलती हुए नजर आएंगी।
अभी टूर्नामेंट में आठ स्थान बाकी हैं, जिनके लिए लोकल क्वालीफायर आयोजित किए जाएंगे। जो टीमें इन क्वालीफायर में जीत हासिल करेंगी, वे 2028 के टी20 वर्ल्ड कप में खेलेंगी।







