2026 के नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स टी3 में तिलोत्तमा सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
नई दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रहे नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स 2026 (ग्रुप ए) में देश के कई टॉप शूटर एक बार फिर एक्शन में नजर आए। प्रतियोगिता के तीसरे ट्रायल में महिलाओं और पुरुषों दोनों वर्गों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस दौरान महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3पी इवेंट में तिलोत्तमा सेन ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की।
तिलोत्तमा सेन ने फिर जीता 50 मीटर राइफल 3पी का फाइनल

राष्ट्रीय चैंपियन तिलोत्तमा सेन ने 50 मीटर राइफल 3पी के टी3 फाइनल में पहला स्थान हासिल किया। इससे पहले वह जनवरी में हुए नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स टी1 और टी2 के फाइनल भी जीत चुकी थीं।
बता दें कि, फाइनल में तिलोत्तमा प्रोन सीरीज के बाद चौथे स्थान पर थीं। हालांकि, स्टैंडिंग सीरीज में उन्होंने शानदार वापसी की और 357.0 के स्कोर के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इसके अलावा, निश्छल सिंह 356.6 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वह तिलोत्तमा से केवल 0.4 अंक पीछे रह गईं। ओलंपियन अंजुम मौदगिल ने 345.8 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। साक्षी सुनील पडेकर, मेहुली घोष, श्रियांका सदांगी, लज्जाकुमारी गॉस्वामी और नुपुर कुमरावत भी फाइनल में शामिल रहीं।
पुरुषों के फाइनल में किरण अंकुश जाधव ने मारी बाजी

पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3पी इवेंट में किरण अंकुश जाधव ने रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की। नेवी के इस शूटर ने 353.6 अंक बनाए और नीरज कुमार को बेहद करीबी अंतर से पीछे छोड़ दिया।
नीरज कुमार ने 353.3 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि गोल्डी गुर्जर 342.4 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उनके अलावा निशान बुधा, अखिल श्योरन, सिधार्थ गौर, अर्जुन बाबूता और सूर्य प्रताप सिंह भी फाइनल में पहुंचे।
10 मीटर एयर पिस्टल में उदयवीर सिद्धू बने विजेता

10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग के टी3 फाइनल में उदयवीर सिद्धू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 243.2 अंक का स्कोर बनाया।
इसके अलावा, केदारलिंग उचगांवें 242.6 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं 50 मीटर पिस्टल के वर्ल्ड चैंपियन रविंदर सिंह ने 221.9 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
क्वालिफिकेशन राउंड में इन शूटरों ने किया शानदार प्रदर्शन
महिलाओं के 50 मीटर राइफल 3पी क्वालिफिकेशन में अंजुम मौदगिल ने 588 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। निश्छल सिंह और मेहुली घोष ने 587-587 का स्कोर किया। लज्जाकुमारी गॉस्वामी ने 586 अंक बनाए, जबकि तिलोत्तमा सेन 585 अंक के साथ फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहीं।
पुरुष वर्ग के क्वालिफिकेशन में अखिल श्योरन 589 अंक के साथ टॉप पर रहे, जबकि नीरज कुमार और किरण अंकुश जाधव ने 588-588 अंक बनाए।
मंगलवार को होगा टी3 ट्रायल का समापन
नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स टी3 का समापन मंगलवार को होगा। अंतिम दिन 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग की क्वालिफिकेशन और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता में देश के कई टॉप शूटर हिस्सा ले रहे हैं और उनके प्रदर्शन के आधार पर आगे होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए टीम चयन भी तय होगा।
खेल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।






