Friday, February 13

Most Five-Wicket Hauls for India in Away Test Matches: भारतीय टीम के लिए विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में तेज़ गेंदबाज़ों का योगदान हमेशा अहम रहा है। एशियाई देशों को छोड़कर विदेशों में तेज गेंदबाज़ों को परिस्थितियों का ठीक-ठाक फायदा मिलता है, लेकिन फिर भी वहां लगातार सफल होना आसान नहीं होता। इसके बावजूद कई भारतीय गेंदबाज़ ऐसे रहे हैं जिन्होंने विदेशी मैदानों पर अपनी गेंदबाज़ी से इतिहास रचा और कई बार पारी में पांच विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई।

हाल ही में 2025 के इंग्लैंड दौरे पर लीड्स के हेडिंग्ले में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 5 विकेट लेकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसी के साथ उन्होंने विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार पांच विकेट लेने के मामले में कपिल देव की बराबरी कर ली। अब, आइए जानते हैं उन टॉप 5 भारतीय गेंदबाज़ों के बारे में, जिन्होंने विदेशों में सबसे ज़्यादा बार टेस्ट मैचों में पांच विकेट लेने का कमाल किया है।

ये हैं टेस्ट क्रिकेट में विदेशी सरजमीं पर सबसे ज्यादा बार पांच विकेट लेने वाले टॉप 5 भारतीय गेंदबाज़

5. इरफ़ान पठान (Irfan Pathan) – 7 बार (15 टेस्ट)

इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम इरफ़ान पठान का है, जिन्होंने सिर्फ 15 विदेशी टेस्ट मैचों में 7 बार पारी में पांच विकेट लेने का कमाल किया। उनकी स्विंग गेंदबाज़ी ने पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के बल्लेबाज़ों को खूब परेशान किया। इरफ़ान के करियर की सबसे यादगार गेंदबाज़ी में कराची टेस्ट की हैट्रिक भी शामिल है। अगर चोटों और फॉर्म में गिरावट ने उनका करियर प्रभावित न किया होता तो शायद वह इस लिस्ट में और ऊपर होते।

4. ज़हीर ख़ान (Zaheer Khan) – 8 बार (54 टेस्ट)

भारतीय तेज़ गेंदबाज़ों में ज़हीर ख़ान का नाम बहुत सम्मान के साथ लिया जाता है। ज़हीर ने विदेशी ज़मीं पर 54 टेस्ट मैचों में 8 बार पारी में पांच विकेट लिए हैं। उनकी गेंदबाज़ी में स्विंग, विविधता और दिमाग का बेहतरीन मिश्रण था। चाहे ऑस्ट्रेलिया हो या इंग्लैंड, ज़हीर ने हर जगह अपनी छाप छोड़ी। उनके नेतृत्व में कई युवा गेंदबाज़ों को भी सीखने का मौका मिला, जिससे भारतीय तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण मजबूत हुआ।

3. इशांत शर्मा (Ishant Sharma) – 9 बार (63 टेस्ट)

इशांत शर्मा का करियर कई उतार-चढ़ावों से भरा रहा है लेकिन विदेशी टेस्ट मैचों में उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। इशांत ने विदेशों में 63 टेस्ट खेलते हुए 9 बार पारी में पांच विकेट लिए हैं। खासकर 2014 के लॉर्ड्स टेस्ट में उनकी शानदार गेंदबाज़ी हमेशा याद रखी जाएगी जिसमें उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 7 विकेट लेकर भारत को जीत दिलाई थी। इशांत की लंबाई और बाउंस निकालने की क्षमता उन्हें विदेशी हालात में सफल बनाती है।

2. कपिल देव (Kapil Dev) – 12 बार (66 टेस्ट)

भारतीय क्रिकेट के महान ऑलराउंडर कपिल देव ने भी विदेशी धरती पर 12 बार पारी में पांच विकेट लिए हैं। कपिल देव के नाम ये उपलब्धि 66 टेस्ट मैचों में दर्ज है। उन्होंने 1970 और 1980 के दशक में भारत के लिए तेज़ गेंदबाज़ी का नया अध्याय लिखा। उस समय जब भारतीय तेज़ गेंदबाज़ों को उतना समर्थन नहीं मिलता था, कपिल देव अकेले दम पर विदेशी पिचों पर बल्लेबाज़ों को परेशान करते थे। उनकी स्विंग और लाइन-लेंथ से वह किसी भी बल्लेबाज़ के लिए चुनौती बन जाते थे।

1. जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) – 12 बार (34 टेस्ट)

जसप्रीत बुमराह ने विदेशी सरजमीं पर भारतीय गेंदबाजी की तस्वीर ही बदल दी है। उन्होंने अब तक विदेशों में खेले 34 टेस्ट मैचों में 12 बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। बुमराह की खासियत उनकी गति, स्विंग और सटीक यॉर्कर है जो उन्हें किसी भी परिस्थिति में खतरनाक बना देता है। वह साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया जैसी तेज़ पिचों पर भी लगातार सफल रहे हैं। बुमराह का ये रिकॉर्ड इस बात का प्रमाण है कि वह मौजूदा समय के बेहतरीन तेज़ गेंदबाज़ों में से एक हैं।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version