आईपीएल 2026 अभी शुरू नहीं हुआ है। लेकिन अभी से टीमें उसकी तैयारी में नजर आने लगी हैं। इसी क्रम में पहले सीजन की विजेता राजस्थान रॉयल्स ने इस साल के लिए कप्तान का ऐलान कर दिया है। संजू सैमसन के जाने के बाद इस खिलाड़ी को कप्तानी सौंपी गई है। जबकि, यशस्वी जायसवाल को एक बार फिर से नजरअंदाज कर दिया है।
राजस्थान ने बनाया रियान पराग को कप्तान

राजस्थान रॉयल्स ने साल 2026 के आईपीएल के लिए रियान पराग को कप्तान बनाया है। संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा के साथ-साथ सैम कुरान की ट्रेड डील के बाद आरआर की टीम ने ये फैसला लिया है। रियान इसके पहले भी राजस्थान की कप्तानी कर चुके हैं और फ्रैंचाइज़ी उन्हें आगे के कप्तान के विकल्प के रूप में देख रही थी।
पराग साल 2019 से लेकर अब तक राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने इस लीग में 8 मैचों में कप्तानी की हैं जिसमें 2 में जीत और 6 में हार का सामना करना पड़ा हैं।
पिछले सीजन जब संजू सैमसन चोटिल हुए थे तब रियान ने कप्तानी संभाली थी। हालाँकि उनकी कप्तानी में टीम को नतीजे नहीं मिले थे, लेकिन इस बार वो फुल टाइम कप्तान हैं और वो अपनी लीडरशिप को साबित करना चाहेंगे।
संगकारा और टीम मैनेजमेंट ने लिया फैसला
मीडिया खबरों की मानें तो राजस्थान की टीम ने कप्तान चुनने से पहले संभावित कप्तानी उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया था। यह इंटरव्यू कोच कुमार संगकारा ने लिया था, जिसके बाद उन्होंने और टीम मैनेजमेंट ने मिलकर रियान को कप्तान बनाने का फैसला लिया है।
हालाँकि यह फैसला कितना सही है, कितना गलत, ये तो भविष्य के गर्भ में ही छिपा है। लेकिन टीम मैनेजमेंट के इस फैसले से यशस्वी जायसवाल बिल्कुल भी खुश नहीं होंगे। क्योंकि, वो टीम के न सिर्फ सीनियर मेंबर में से हैं बल्कि वो सबसे बेस्ट परफॉर्मर भी हैं।
जायसवाल और जडेजा किए गए नजरअंदाज
यही नहीं, यशस्वी राजस्थान के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं जो टीम इंडिया के लिए खेल रहे हैं। वो कप्तान बनने की अपनी इच्छा भी जता चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी उन्हें इसके लिए कंसिडर नहीं किया गया है।
मीडिया खबरें यह भी आ रही थीं कि संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा का ट्रेड इसलिए हुआ है क्योंकि उनको कप्तानी ऑफर हुई थी। लेकिन अब पराग के कप्तान बनने के बाद वो रिपोर्ट्स सिरे से खारिज हो चुकी हैं। जडेजा भी काफी सीनियर प्लेयर हैं और उनके चेन्नई की टीम को छोड़ने का मुख्य कारण कप्तानी ही बताया गया था।







