क्रिकेट का सबसे पुराना फॉर्मेट टेस्ट है। यह लगभग 150 सालों से खेला जा रहा है और इसमें बहुत से बदलाव भी हुए हैं। टाइमलेस टेस्ट से 6 दिन और अब 5 दिन का टेस्ट मैच खेला जाता है। पिछले कुछ समय से लगातार टी20 काफी तेजी से बढ़ता जा रहा है।
जिसके कारण खिलाड़ियों का खेलने का तरीका काफी बदला है और अब बल्लेबाज केवल रन बनाने को देखते हैं। जिसके चलते मेडन ओवर काफी कम देखने को मिलते हैं। तो चलिए जानते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मेडन ओवर किन गेंदबाजों ने फेंके हैं।
इन गेंदबाजों ने फेंके हैं सबसे ज्यादा मेडन ओवर
5. ग्लेन मैक्ग्रा (Glenn Mcgrath) – 1470 मेडन

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज कंसिस्टेंसी का दूसरा नाम थे। वो गेंदबाजी करते समय अपना टप्पा कभी नहीं छोड़ते थे और उनके लिए यह कहावत भी प्रसिद्ध थी कि अगर एक रूमाल रख दिया जाए तो अपनी सारी गेंदें उसी में फेंकेंगे। अपनी निरंतरता के चलते उनको खेलना काफी मुश्किल होता था।
क्योंकि वो लगातार गॉड लेंथ पर तो गेंदबाजी करते ही थे और साथ में उन्हें स्विंग और सीम मूवमेंट भी मिलती थी, जिसके कारण उनको मारना बहुत मुश्किल था। यही वजह है कि बल्लेबाज उन्हें खेलने से ज्यादा छोड़ने की सोचते थे।
ग्लेन मैग्राथ ने टेस्ट क्रिकेट में 2031 ओवर गेंदबाजी की है, जिसमें उन्होंने 1470 ओवर मेडन डाले हैं। इस दौरान इस दिग्गज गेंदबाज ने 563 विकेट भी लिए थे।
4. अनिल कुंबले (Anil Kumble) – 1576 मेडन

भारत के दिग्गज स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले भी टेस्ट क्रिकेट के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक थे। उन्होंने भी लंबे समय तक टीम इंडिया की गेंदबाजी का भार अपने कंधों पर उठाया था। वो भी गेंदबाजी करते समय काफी कंसिस्टेंट थे और अपने एरियाज को नहीं छोड़ते थे, जिससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने में इसलिए भी मुश्किलात आती थी क्योंकि गेंद स्पिन भी होती थी।
अनिल कुंबले ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में 3059 ओवर गेंदबाजी की है, जिसमें उन्होंने 1576 ओवर मेडन डाले हैं और उस दौरान 619 विकेट भी चटकाए हैं।
3. जेम्स एंडरसन (James Anderson) – 1730 मेडन

इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन भी ग्लेन मैग्राथ की तरह ही थे। वो भी अपनी स्विंग गेंदबाजी के चलते बड़े से बड़े बल्लेबाजों के हाथ बांध कर रख देते थे। उनके पास गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की काबिलियत थी, जो उन्हें और भी ज्यादा खतरनाक बनाती थी। इसके साथ अगर गेंदबाजी के दौरान बादल होते थे तो फिर उनका सामना करना टेढ़ी खीर बन जाता था।
एंडरसन ने 21 साल लंबे करियर में 3104 ओवर गेंदबाजी की थी। इस दौरान दिग्गज तेज गेंदबाज ने 1730 ओवर मेडन डालते हुए 704 विकेट भी लिए थे।
2. शेन वार्न (Shane Warne) – 1761 मेडन

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज लेग स्पिन गेंदबाज और अब तक के सबसे महान क्रिकेटर्स में से एक शेन वार्न ने अपनी जादुई स्पिन से दुनियाभर के बल्लेबाजों को हिला कर रख दिया था। उनके पास गेंद को बहुत ज्यादा टर्न कराने की काबिलियत थी, जिसके चलते उनको किंग ऑफ स्पिन भी कहा जाता था। उनके 1993 एशेज में इंग्लिश बल्लेबाज माइक गेटिंग को डाली गई गेंद तो सभी को याद होगी, जिसे बाद में बॉल ऑफ द सेंचुरी तक की भी उपाधि दी गई। वो अपने दम पर फ्लैट पिचों में भी मैच पलटने की क्षमता रखते थे।
वार्न ने टेस्ट क्रिकेट में 15 साल ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया था, जिसमें उन्होंने 145 मैच खेलते हुए 2999 ओवर गेंदबाजी की और उस दौरान 1761 ओवर मेडन फेंके थे और 708 विकेट भी लिए थे।
1. मुथैया मुरलीधरन (Muttiah Murlidharan) – 1794 मेडन

श्रीलंका के दिग्गज स्पिन गेंदबाज और इतिहास के सबसे बेहतरीन स्पिनरों में से एक मुरलीधरन टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अपने यूनिक एक्शन से दुनियाभर के बल्लेबाजों को परेशान किया था। इस दिग्गज गेंदबाज के पास स्पिन कराने की खास कला तो थी ही, लेकिन किसी भी विकेट में अपनी लेंथ को पहचानने की भी स्किल थी। जिसके चलते उन्होंने हर कंडीशन में विकेट लिए थे।
मुरलीधरन ने टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका के लिए 3030 ओवर गेंदबाजी की थी। इस दौरान उन्होंने 1794 ओवर मेडन फेंके थे और 800 विकेट लेने में सफल हुए थे।







