Wednesday, February 11

MS Dhoni Breaks Silence On CSK Future: आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के प्रदर्शन के साथ-साथ एक सवाल पूरे सीजन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा कि क्या यह एमएस धोनी का आखिरी सीजन था? हालांकि, ना तो धोनी और ना ही फ्रेंचाइज़ी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया। लेकिन अब खुद धोनी ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की है और उन्होंने साफ कर दिया है कि उनका सीएसके से रिश्ता अभी खत्म नहीं हुआ है।

“मैं और सीएसके साथ हैं” – धोनी ने दिया बड़ा बयान

हाल ही में एक इवेंट के दौरान जब धोनी से फिर पूछा गया कि क्या वह अगली बार येलो जर्सी में लौटेंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैंने हमेशा कहा है कि मेरे पास फैसला लेने के लिए बहुत समय है। लेकिन अगर आप पूछ रहे हैं कि क्या मैं येलो जर्सी में लौटूंगा, तो हां, मैं हमेशा येलो जर्सी में रहूंगा। मैं खेल रहा होऊं या नहीं, ये अलग बात है।”

धोनी ने आगे कहा, “मैं और सीएसके, हम एक साथ हैं। अगले 15-20 साल तक भी। उम्मीद है कि लोग ये नहीं सोचेंगे कि मैं 15-20 साल और खेलूंगा।” इस पर मौजूद दर्शकों ने ज़ोरदार तालियों से उनका स्वागत किया।

सीएसके से जुड़ाव को बताया खास

एमएस धोनी ने सीएसके के साथ अपने लंबे जुड़ाव पर भी बात की और बताया कि इस टीम ने उन्हें एक बेहतर इंसान और खिलाड़ी बनने में मदद की है।

उन्होंने कहा, “साल दर साल हमारा रिश्ता और मजबूत होता गया। इसने मुझे इंसान के तौर पर बेहतर बनाया। मुझे लगता है कि सीएसके का मेरे जीवन में आना बहुत सही समय पर हुआ। ये टीम चेन्नई के लिए तो अच्छी रही ही, मेरे लिए भी यह अनुभव बहुत खास रहा।”

धोनी 2008 से ही सीएसके का हिस्सा हैं और उनकी कप्तानी में टीम ने रिकॉर्ड बराबरी करते हुए पांच बार आईपीएल खिताब जीता है।

आईपीएल 2025 रहा निराशाजनक, धोनी ने सीखा सबक

इस बार का सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहद निराशाजनक रहा। टीम पॉइंट्स टेबल में आखिरी पायदान पर रही और प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका।

धोनी ने भी माना कि यह सीजन अच्छा नहीं था, लेकिन उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि हर बुरे दौर से कुछ न कुछ सीखना चाहिए।

उन्होंने कहा, “पिछले कुछ साल हमारे लिए अच्छे नहीं रहे। हम अपनी क्षमताओं के अनुसार नहीं खेल पाए। लेकिन जरूरी ये है कि हम इन गलतियों से क्या सीखते हैं। जब पिछली बार भी हम नाकाम हुए थे, तो हमारे लिए सबसे बड़ा सवाल यही था कि हमसे गलती कहां हुई?”

धोनी के इस बयान से साफ है कि भले ही वह मैदान पर नजर आएं या ना आएं, लेकिन उनका दिल और दिमाग अभी भी पूरी तरह से सीएसके के साथ है।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version