साल 2025 क्रिकेट फैंस के लिए काफ़ी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। भले ही टीम इंडिया ने इस साल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ को ड्रॉ कराने में सफलता हासिल की हो, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर में क्लीनस्वीप का भी सामना करना पड़ा। कई दिग्गज खिलाड़ियों ने खेल के सबसे पुराने और कठिन फ़ॉर्मेट को अलविदा कह दिया। आइए जानते हैं कि इस साल किन-किन खिलाड़ियों ने संन्यास लिया है।
साल 2025 में इन खिलाड़ियों ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास
5. चेतेश्वर पुजारा – (Cheteshwar Pujara)

टीम इंडिया की नई दीवार कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने 24 अगस्त को क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट से संन्यास ले लिया। पिछले दो सालों से वह टीम से बाहर चल रहे थे और टीम मैनेजमेंट भी उन्हें भविष्य की योजनाओं में शामिल नहीं कर रहा था। ऐसे में पुजारा ने रिटायरमेंट लेना ही सही समझा। उन्हें टेस्ट के अलावा अन्य फ़ॉर्मेट्स में ज़्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन फिर भी उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अपनी पहचान बना डाली।
अपने शानदार करियर में पुजारा ने भारत के लिए 103 टेस्ट मैच खेले और 43.60 की औसत से 7195 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम 19 शतक और 35 अर्धशतक दर्ज रहे।
4. दिमुथ करुणारत्ने (Dimuth Karunaratne)

श्रीलंका के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज़ दिमुथ करुणारत्ने ने भी साल 2025 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों को अलविदा कह दिया। इस अनुभवी बल्लेबाज़ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। करुणारत्ने ने भी नई वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल की शुरुआत को देखते हुए रिटायरमेंट का फैसला लिया।
अपने शानदार करियर में करुणारत्ने ने श्रीलंका के लिए 100 टेस्ट मैच खेले और 39.25 की औसत से 7222 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम 16 शतक और 39 अर्धशतक दर्ज रहे।
3. एंजेलो मैथ्यूज – (Angelo Matthews)

श्रीलंका के दिग्गज ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज ने भी क्रिकेट के सबसे पुराने फ़ॉर्मेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने इसी साल मई में बांग्लादेश के खिलाफ अपना आख़िरी टेस्ट मैच खेला। लंबे समय से उनका प्रदर्शन टीम की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा था और साथ ही नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल के लिए युवा खिलाड़ियों को मौका देने की ज़रूरत थी। इसी वजह से मैथ्यूज ने टेस्ट से संन्यास लेने का फैसला किया।
अपने शानदार करियर में मैथ्यूज ने 119 टेस्ट मुकाबले खेले और 44.40 की औसत से 8214 रन बनाए। उनके नाम 16 शतक और 45 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 200 रन रहा।
2. रोहित शर्मा – (Rohit Sharma)

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने इस साल आईपीएल के दौरान टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। उन्होंने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था। लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट में खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित ने आखिरकार 5 मई को यह बड़ा फैसला लिया।
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में क्वालीफाई नहीं कर पाई थी, जिसके चलते उन पर लगातार सवाल उठते रहे। उन्होंने अपने करियर में कुल 67 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 40.57 की औसत से 4301 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 12 शतक और 18 अर्धशतक निकले, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 212 रन रहा।
1. विराट कोहली – (Virat Kohli)

टीम इंडिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ों में शुमार और टेस्ट में सबसे सफल कप्तान विराट कोहली ने भी अपने पसंदीदा फ़ॉर्मेट को अलविदा कह दिया है। अब वे केवल वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया का हिस्सा हैं। पिछले साल उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद छोटे फ़ॉर्मेट से भी संन्यास ले लिया था।
हाल के वर्षों में विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में फॉर्म से जूझ रहे थे, जिसके चलते उनकी टीम में जगह पर सवाल उठने लगे थे। इस महान बल्लेबाज़ ने अपने टेस्ट करियर में 123 मैच खेले और 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम 30 शतक और 31 अर्धशतक दर्ज हुए, जबकि उन्होंने कई यादगार पारियां खेलकर भारतीय क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।







