साल 2025 के अब तक 8 महीने भी पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन इस दौरान कई खिलाड़ियों ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। कुछ खिलाड़ियों ने केवल टी20 क्रिकेट को अलविदा कहा, जबकि कई ने अपने करियर को लंबा करने के लिए सभी फॉर्मेट्स से रिटायरमेंट लिया।
टी20 क्रिकेट के आने से वनडे क्रिकेट की लोकप्रियता में कमी आई है और अब यह फॉर्मेट केवल वर्ल्ड कप के साल में ही अधिक महत्वपूर्ण रह गया है। इसके अलावा, क्रिकेट का सबसे छोटा फॉर्मेट अब ओलंपिक्स में भी शामिल हो गया है।
इस वजह से खिलाड़ी टी20 खेलने के लिए उत्सुक हैं, जबकि वनडे क्रिकेट का महत्व अब सीमित रह गया है। आइए जानते हैं कि इस साल किन खिलाड़ियों ने वनडे क्रिकेट से संन्यास लिया है।
इन खिलाड़ियों ने लिया वनडे क्रिकेट से संन्यास
मार्कस स्टॉइनिस

ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर मार्कस स्टॉइनिस ने चैंपियंस ट्रॉफी के कुछ दिन पहले ही वनडे क्रिकेट को अलविदा कह दिया। लंबे समय तक उन्होंने अपनी टीम के लिए गेंद और बल्ले दोनों से अहम भूमिका निभाई। हालांकि, उन्होंने वनडे से संन्यास लेने की वजह स्पष्ट नहीं की, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि वह टी20 क्रिकेट में अपना करियर जारी रखना चाहते थे।
मार्कस स्टॉइनिस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 73 वनडे मैच खेले, जिसमें 26.69 की औसत से 1495 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 6 अर्धशतक लगाए, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 146 रन रहा।
स्टीव स्मिथ

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज़ स्टीव स्मिथ ने भी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया। वह इस टूर्नामेंट में टीम की कप्तानी कर रहे थे और भारत के खिलाफ मुकाबले में अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी की फुलटॉस गेंद को मिस कर बोल्ड हो गए। यही ऑस्ट्रेलिया की हार का कारण बना और इसके बाद इस दिग्गज बल्लेबाज़ ने संन्यास का फैसला लिया।
स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 170 वनडे मैच खेले, जिसमें 43.28 की औसत से 5800 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम 12 शतक और 35 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 164 रन रहा।
ग्लेन मैक्सवेल

ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर और दिग्गज फिनिशर ग्लेन मैक्सवेल ने भी इसी साल वनडे क्रिकेट को अलविदा कह दिया। 36 वर्षीय ऑलराउंडर ने चैंपियंस ट्रॉफी के बाद ओडीआई क्रिकेट छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि 2027 वर्ल्ड कप के लिए अभी काफी समय बचा है, लेकिन उनका शरीर इस फॉर्मेट को जारी रखने के लिए तैयार नहीं है। हालांकि, वह टी20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।
ग्लेन मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 149 वनडे मैच खेले, जिसमें 33.81 की औसत और 126.70 के स्ट्राइक रेट से 3990 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम 4 शतक और 23 अर्धशतक दर्ज हैं।
मुश्फिकुर रहीम

बांग्लादेश के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज़ मुश्फिकुर रहीम ने भी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया। उन्होंने अपने करियर में बांग्लादेश के लिए कई यादगार पारियाँ खेली और टीम को जीत दिलाई। हालांकि, उम्र को देखते हुए उन्होंने रिटायरमेंट लिया ताकि नए खिलाड़ी उनकी जगह टीम में शामिल हो सकें।
मुश्फिकुर रहीम ने बांग्लादेश के लिए 274 वनडे मैच खेले, जिसमें 36.42 की औसत से 7795 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम 9 शतक और 49 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 144 रन रहा।
हेनरिक क्लासेन

साउथ अफ्रीका के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज़ हेनरिक क्लासेन ने मात्र 33 साल की उम्र में संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया। वह अपने करियर की पीक फॉर्म में थे, और ऐसे में उनका रिटायरमेंट लेना हैरानी भरा फैसला था। विकेटकीपर बल्लेबाज़ ने ओडीआई क्रिकेट में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी से दुनियाभर के फैंस का ध्यान खींचा।
क्लासेन ने साउथ अफ्रीका के लिए 60 मैच खेले, जिसमें 43.69 की औसत और 117 के स्ट्राइक रेट से 2141 रन बनाए। इसमें 4 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं।







