टीम इंडिया के दिग्गज स्पिन गेंदबाज़ रविचंद्रन अश्विन ने अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद आईपीएल से भी संन्यास ले लिया है। उन्होंने आज यानी 27 अगस्त को अपने आईपीएल करियर पर पूर्ण विराम लगा दिया है, जिसके बाद अब वो विदेशी टी20 लीग में खेलते हुए दिखेंगे। जिसका उन्होंने संन्यास के पोस्ट में संकेत भी दिया है। तो चलिए जानते हैं कि यह धाकड़ गेंदबाज़ कितनी संपत्ति का मालिक है।
अश्विन ने अपने ट्वीट से दी संन्यास की जानकारी

पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर अपने इस फैसले की जानकारी देते हुए लिखा, “खास दिन और इसलिए खास शुरुआत।” वे कहते हैं कि हर अंत के साथ एक नई शुरुआत होती है, एक आईपीएल क्रिकेटर के रूप में मेरा समय आज समाप्त हो रहा है, लेकिन विभिन्न लीगों में खेल के अन्वेषक के रूप में मेरा समय आज से शुरू हो रहा है।”
बड़े ब्रांड के साथ की हैं एंडोर्समेंट
अश्विन ने अपने करियर में कई बड़े ब्रांड्स के साथ काम किया है। उनके एंडोर्समेंट क्लाइंट्स में मिंत्रा, ओप्पो, ड्रीम11, बॉम्बे शेविंग कंपनी, एरिस्टोक्रेट बैग्स, स्पेक्समेकर्स, ज़ूमकार, मन्ना फूड्स और कोको स्टूडियो तमिल शामिल हैं। इन ब्रांड एंडोर्समेंट्स के अलावा, अश्विन का तमिल में एक हिट यूट्यूब चैनल भी है, जिसके 17.5 लाख से ज़्यादा फॉलोअर्स हैं, जहाँ वे क्रिकेट से जुड़ी जानकारियाँ और इंटरव्यू लेते हैं।
अश्विन अब अपने परिवार के साथ चेन्नई में रहते हैं। ख़बरों के अनुसार, उनके मुख्य घर की कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो उनकी शानदार जीवनशैली का प्रमाण है।
117 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं अश्विन
ख़बरों के मुताबिक, अश्विन की कुल संपत्ति लगभग 117 करोड़ रुपये है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। लेकिन इससे पहले वह बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी कमाई करते थे। जिसके लिए उन्हें प्रति टेस्ट 15 लाख रुपये, हर वनडे 6 लाख रुपये और टी20 खेलने के 3 लाख रुपये मिलते थे।
हालाँकि संन्यास के बाद, उन्हें बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया था। पिछले साल आईपीएल 2025 में उन्हें 9.75 करोड़ रुपये में चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा था और इस लीग में उनकी घर वापसी हुई थी।
चेन्नई की टीम से की थी आईपीएल करियर की शुरुआत
अश्विन ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत साल 2009 में चेन्नई से की थी, जहाँ पहले सीजन उनको सिर्फ 2 मैच खेलने को मिले थे, जिसमें उन्होंने 2 विकेट लिए थे। लेकिन उसके बाद वो अगले सीजन सीएसके के मेन स्पिनर बन गए थे। साल 2015 में वो चेन्नई की टीम का अहम हिस्सा थे, जिसके बाद 2016 में उन्हें राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स ने साइन किया था।
साल 2018-19 में वो पंजाब की टीम का न सिर्फ हिस्सा थे बल्कि कप्तानी भी कर रहे थे। हालाँकि दोनों बार टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल नहीं हुई थी। जिसके बाद उनको दिल्ली में ट्रेड कर दिया गया था। 2021 तक वो दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिए खेल रहे थे लेकिन अच्छी परफॉर्मेंस न होने के चलते टीम ने मेगा ऑक्शन में रिलीज कर दिया। जहाँ राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें खरीदा और वो अगले 3 सालों तक टीम के मेन गेंदबाज़ों में से थे।
चेन्नई की टीम से ही ख़त्म किया करियर
आरआर की टीम ने भी मेगा ऑक्शन में इस दिग्गज गेंदबाज़ को छोड़ दिया था, जिसके बाद चेन्नई ने बोली में 9.75 करोड़ में खरीदा था और घर वापसी की थी। इस सीजन उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जिसके चलते उन्हें टीम से भी ड्रॉप कर दिया गया था।
ऐसा रहा अश्विन का करियर
अश्विन ने आईपीएल में 221 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 30.22 की औसत और 7 की इकॉनमी से 187 विकेट चटकाए थे। जिसमें उनका बेस्ट प्रदर्शन 34 रन देकर 4 विकेट लेना है।

