Tuesday, February 17

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और वनडे में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने संन्यास को लेकर चल रही सभी अटकलों पर खुलकर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि वह तभी क्रिकेट छोड़ेंगे, जब खुद ऐसा महसूस करेंगे। फिलहाल वह अच्छा खेल रहे हैं और जब तक फिट और आत्मविश्वास से भरे रहेंगे, तब तक मैदान पर बने रहना चाहते हैं।

ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन के लिए चुने गए थे मैन ऑफ़ द सीरीज

Rohit Sharma Reveals About His Retirement Plans
Rohit Sharma Reveals About His Retirement Plans

साल 2025 रोहित शर्मा के लिए शानदार रहा। उन्होंने भारत के लिए कुल 14 वनडे मुकाबले खेले, जिसमें 2 शतक और 4 अर्धशतकों की मदद से 650 रन बनाए। अक्टूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी रोहित का बल्ला जमकर बोला था।

इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। इसी प्रदर्शन के दम पर वह पहली बार वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंचे।

चैंपियंस ट्रॉफी की जीत के बाद भी छीनी गई थी रोहित से कप्तानी

ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले रोहित के करियर को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। उसी टूर से पहले उन्हें वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया गया था, जिसके बाद कुछ लोग उनके संन्यास की बातें करने लगे थे। इससे पहले ही रोहित की कप्तानी में भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।

कुछ विदेशी दौरों पर खराब प्रदर्शन के चलते उन पर दबाव जरूर बना, लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में दमदार वापसी की। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में भी उन्होंने लगातार अच्छा खेल दिखाया और दो अर्धशतक लगाए।

रोहित शर्मा ने अपने रिटायरमेंट पर रखी बात

रोहित शर्मा इस हफ्ते मुंबई की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आएंगे। गुरुग्राम में हुए एक कार्यक्रम में रोहित ने अपने भविष्य को लेकर बात की। उन्होंने अपने करियर की तुलना एक विमान से करते हुए कहा कि शुरुआत मुश्किल होती है, लेकिन जब रफ्तार मिल जाती है और ऊंचाई हासिल हो जाती है, तो वह ऊंचाई बनाए रखना सबसे जरूरी होता है।

उन्होंने कहा कि वह अभी जिस मुकाम पर हैं, वहां से जल्दी नीचे नहीं आना चाहते। रोहित ने आगे कहा कि जैसे प्लेन एक तय ऊंचाई पर पहुंचकर आरामदायक सफर करता है, वैसे ही जिंदगी और करियर में भी जब चीजें सही चलने लगती हैं, तो उन्हें जारी रखना चाहिए। उतरना भी जरूरी होता है, लेकिन कब उतरना है, यह फैसला खिलाड़ी खुद करता है।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version