Sri Lanka Squad For India T20Is 2024
Sri Lanka Squad For India T20Is 2024: श्रीलंका क्रिकेट चयन समिति ने मंगलवार, 23 जुलाई को भारत के खिलाफ आगामी घरेलू टी20 सीरीज के लिए 16-सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में एक युवा आलराउंडर चामिंडु विक्रमसिंघे (Chamindu Wickramasinghe) को पहली बार मौका मिला है, जिसने इस सीजन लंका प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन किया था। बता दें कि, आगामी टी20 सीरीज के लिए श्रीलंकाई टीम की कमान चरिथ असलांका (Charith Asalanka) के हाथों सौंपी गई है, जिन्होंने वानिंदु हसरंगा की जगह ली है।
हसरंगा ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 राउंड के लिए क्वालीफाई ना करने से निराश होकर इसी महीने श्रीलंका टी20 टीम की कप्तानी छोड़ दी थी। उस टूर्नामेंट में श्रीलंका को ग्रुप स्टेज में 4 मैचों में से सिर्फ एक मैच में जीत मिली थी। 2014 के टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन को इस साल यूएसए और वेस्टइंडीज में हुए आईसीसी इवेंट के पहले दौर में ही बाहर होना पड़ा, जिसके कारण हसरंगा ने इस्तीफा दे दिया था।
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में श्रीलंका की कमान संभालेंगे Charith Asalanka

बाएं हाथ के बल्लेबाज और पार्ट-टाइम ऑफ स्पिनर चरिथ असलांका (Charith Asalanka) श्रीलंका के नए टी20 कप्तान नियुक्त किए गए हैं। उनका पहला असाइनमेंट भारत के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज होगी, जो 27 जुलाई से पल्लेकेले में शुरू होने वाली है। इस सीरीज का दूसरा टी20 मैच 28 जुलाई को और सीरीज का आखिरी मैच 30 जुलाई को खेला जाएगा। टी20 सीरीज के सभी मैच पल्लेकेले में खेले जाएंगे।
बता दें कि, चरिथ असलांका (Charith Asalanka) की कप्तानी में जाफना किंग्स ने हाल ही में कोलंबो में खेले गए लंका प्रीमियर लीग 2024 के फाइनल मैच में गाले मार्वल्स को हराकर खिताब जीता था। इसके अलावा, उनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी अनुभव भी है। उन्होंने 59 वनडे और 47 टी20 मैच खेले हैं और पिछले चार सालों में श्रीलंका के लिमिटेड ओवर टीम के अहम खिलाड़ी रहे हैं।
Chamindu Wickramasinghe को पहली बार मिला अन्तर्राष्ट्रीय टीम में मौका

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में श्रीलंका अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके 21 वर्षीय फास्ट-बॉलिंग आलराउंडर चामिंडु विक्रमसिंघे (Chamindu Wickramasinghe) ने इस साल लंका प्रीमियर लीग 2024 में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने 6 पारियों में 62.0 की औसत और 131.91 की स्ट्राइक रेट से 186 रन बनाए थे, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल थे।
इसके अलावा, गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 8 पारियों में 12.0 की स्ट्राइक रेट से 7 विकेट भी चटकाए थे। उनके इस प्रदर्शन के चलते उन्हें पहली बार श्रीलंका की अन्तर्राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। वह इस सीरीज में अपना टी20 अन्तर्राष्ट्रीय डेब्यू भी कर सकते हैं।
इन अनुभवी खिलाड़ियों को भी टीम में मिला मौका
श्रीलंका की 16-सदस्यीय टीम में कई अनुभवी खिलाडियों को भी मौका मिला है, जो भारतीय टीम के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। इस टीम में अविष्का फर्नान्डो, कुसल परेरा, पथुम निसांका, दुष्मंथा चमीरा और वानिंदु हसरंगा जैसे बेहतरीन खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा, लंका प्रीमियर लीग 2024 में शानदार प्रदर्शन करने वाले अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चंडीमल को भी श्रीलंका टी20 टीम में वापसी करने का मौका मिला है।
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए श्रीलंका की 16-सदस्यीय टीम

चरिथ असलांका (कप्तान), पथुम निसांका, कुसल परेरा, अविष्का फर्नांडो, कुसल मेंडिस, दिनेश चंडीमल, कमिंडु मेंडिस, दसुन शनाका, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेल्लालगे, महेश थिक्षाना, चामिंडु विक्रमसिंघे, मथीशा पथिराना, नुवान तुषारा, दुष्मंथा चमीरा, बिनुरा फर्नांडो।







