T20 World Cup: टी-20 विश्व कप 2026 इस समय काफी रोमांचक मोड़ पर चल रहा है। वहीं इस समय सुपर-8 चरण के मैच खेले जा रहे हैं। इसके अलावा इस टूर्नामेंट में अभी तक कुछ शानदार साझेदारियां भी हुई हैं।
श्रीलंका टीम के खिलाफ मैच में खेलते हुए न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की तरफ से कप्तान मिचेल सैंटनर और कोल मैककॉन्ची ने मिलकर 84 रन की साझेदारी की थी। तब यह टी-20 विश्व कप के इतिहास में 7वें विकेट की रिकॉर्ड साझेदारी भी साबित हुई थी। इसके अलावा आइए इस टूर्नामेंट के इतिहास में 7वें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारियों पर भी एक नजर डाल लेते हैं।
1. मिचेल सैंटनर और कोल मैककॉन्ची : 84 रन बनाम श्रीलंका : साल 2026 :-
श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलते हुए सुपर-8 मुकाबले में कीवी कप्तान सैंटनर और मैककॉन्ची ने मिलकर 47 गेंदों पर 84 रन जोड़ दिए थे। इस दौरान कप्तान सैंटनर ने 26 गेंदों में 47 रन बनाए थे। लेकिन इस मैच में वह अपने अर्धशतक से चूक गए थे।

जबकि दूसरी तरफ मैककॉन्ची ने 23 गेंदों में नाबाद रहते हुए 31 रनों की अच्छी पारी खेली थी। तब इन दोनों की साझेदारी की मदद से ही न्यूजीलैंड की टीम ने 7 विकेट खोकर 168 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद इन रनों के जवाब में श्रीलंका की टीम अपने पूरे ओवर खेलने के बाद भी 8 विकेट खोकर केवल 107 रन ही बना पाई थी।
2. माइकल हसी और स्टीव स्मिथ : 74 रन बनाम बांग्लादेश : साल 2010 :-
टी-20 विश्व कप 2010 के 11वें मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश की टीम को 27 रनों से हराया था। वहीं इस मैच में एक समय कंगारू टीम ने केवल 65 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद फिर माइकल हसी (47*) और स्टीव स्मिथ (27) ने मिलकर 7वें विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की थी। तब उनकी इस साझेदारी के चलते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 7 विकेट खोकर 141 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया था। लेकिन तब इन रनों के जवाब में बांग्लादेश की टीम केवल 114 रन पर ही ऑलआउट हो गई थी।
3. गुलबदीन नायब और मोहम्मद नबी : 71 रन बनाम पाकिस्तान : साल 2021 :-
टी-20 विश्व कप 2021 के 24वें मैच में पाकिस्तान की टीम ने अफगानिस्तान की टीम को 5 विकेट से हराया था। तब उस मैच में अफगानी टीम ने पहले बल्लेबाजी की थी। इस मैच में एक समय अफगानिस्तान की टीम ने केवल 76 रन पर ही अपने 6 विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए गुलबदीन नायब (35*) और मोहम्मद नबी (35*) ने कुल 71 रन की साझेदारी की थी। तब इन दोनों की साझेदारी के चलते हुए अफगान टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 147 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद इन रनों के जवाब में पाकिस्तान ने उस लक्ष्य को अपने 5 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया था।
4. जान फ्राइलिंक और जेजे स्मिट : 70 रन बनाम श्रीलंका : साल 2022 :-
टी-20 विश्व कप 2022 में नामीबिया की टीम ने श्रीलंका की मजबूत टीम को हराकर एक बड़ा उलटफेर किया था। वहीं इस मैच में नामीबिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 163 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया था।

इसी मैच में उनके बल्लेबाज जान फ्राइलिंक और जेजे स्मिट ने 7वें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी भी की थी। तब उस मैच में फ्राइलिंक ने 28 गेंदों में 44 रन बनाए थे ,जबकि स्मिट ने 16 गेंदों में नाबाद 31 रन की पारी खेली थी। इसके बाद इन रनों के जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम केवल 108 रनों पर ही ऑलआउट हो गई थी।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







