फिन ऐलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों पर शतक लगाकर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के ओपनर फिन ऐलन (Finn Allen) ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में ऐलन ने सिर्फ 33 गेंदों पर शतक जड़ दिया।
उनकी इस पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और न्यूजीलैंड ने 170 रनों का लक्ष्य बेहद आसानी से हासिल कर लिया। ऐलन की इस ऐतिहासिक पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड भी टूटे।
फिन ऐलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मात्र 33 गेंदों में शतक लगाकर तोड़े ये बड़े रिकॉर्ड
1. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक
फिन ऐलन ने सिर्फ 33 गेंदों पर शतक लगाकर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल (Chris Gayle) के नाम था, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था। ऐलन ने 14 गेंद पहले इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।
2. टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मैच में पहला शतक
फिन ऐलन टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में नॉकआउट मुकाबले में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले सेमीफाइनल में सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान (Tillakaratne Dilshan) का 96* था, जो उन्होंने 2009 के टूर्नामेंट में बनाया था।
3. T20I क्रिकेट में फुल मेम्बर टीम के खिलाफ सबसे तेज शतक
फिन ऐलन का यह शतक फुल मेम्बर टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक भी बन गया। इससे पहले यह संयुक्त रिकॉर्ड भारत के रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और साउथ अफ्रीका के डेविड मिलर (David Miller) के नाम था, जिन्होंने 35 गेंदों में शतक लगाया था। ऐलन ने 33 गेंदों में शतक बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
4. T20I क्रिकेट में फुल मेंबर टीम के बल्लेबाज द्वारा संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक
फिन ऐलन का 33 गेंदों पर शतक किसी भी फुल मेंबर टीम के बल्लेबाज का संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक भी है। इससे पहले जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा ने 2024 में गाम्बिया (एसोसिएट नेशन) के खिलाफ 33 गेंदों पर शतक लगाया था।
5. न्यूजीलैंड के लिए सबसे तेज T20I शतक
इस पारी के साथ फिन ऐलन न्यूजीलैंड के लिए सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2020 में 46 गेंदों में शतक लगाया था।
6. ईडन गार्डन्स में पहला टी20 इंटरनेशनल शतक
फिन ऐलन कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले इस मैदान पर किसी भी बल्लेबाज ने टी20 इंटरनेशनल (T20I) में तीन अंकों का स्कोर नहीं बनाया था।
7. एक टी20 वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड
सेमीफाइनल में लगाए गए 8 छक्कों की मदद से फिन ऐलन ने इस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने कुल छक्कों की संख्या 20 तक पहुंचा दी। इसके साथ ही उन्होंने एक टी20 वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के शिमरोन हेटमायर (Shimron Hetmyer) के नाम था, जिन्होंने इसी संस्करण में 19 छक्के लगाए थे।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







