संजू सैमसन ने फाइनल में 89 रन बनाकर और जसप्रीत बुमराह ने 4/15 का प्रदर्शन करके टीम इंडिया को चैंपियन बनाया।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए और फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को 159 रन पर समेट दिया।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी संतुलित रहा। बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक कई खिलाड़ियों ने मैच जिताने वाली भूमिका निभाई। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों का प्रदर्शन ऐसा रहा, जिसने टीम को मुश्किल परिस्थितियों में संभाला और अंत में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

इन 5 खिलाड़ियों के भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 चैंपियन बनाने में निभाई अहम भूमिका

1. संजू सैमसन (भारत) – 321 रन

सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन इस टूर्नामेंट में भारत के सबसे बड़े मैच विनर साबित हुए। हालांकि, वह शुरुआती प्लेइंग XI का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने पांच पारियों में 321 रन बनाए और उनका औसत 80.25 रहा। उनकी स्ट्राइक रेट 199.37 की रही, जो इस फॉर्मेट में बेहद शानदार मानी जाती है।

सैमसन ने टूर्नामेंट में लगातार तीन अर्धशतक लगाए और तीनों पारियों में 85 से ज्यादा रन बनाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को कई मैचों में मजबूत शुरुआत दिलाई। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते ही उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।

2. जसप्रीत बुमराह (भारत) – 14 विकेट

जसप्रीत बुमराह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने आठ पारियों में 14 विकेट लिए और उनकी इकॉनमी रेट मात्र 6.21 रही।

बुमराह ने पूरे टूर्नामेंट में पॉवरप्ले और डेथ ओवर्स दोनों में शानदार गेंदबाजी की। फाइनल मुकाबले में उन्होंने 4/15 का स्पेल फेंका, जिसने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

3. ईशान किशन (भारत) – 317 रन

ईशान किशन ने पूरे टूर्नामेंट में भारत के लिए मिडिल ऑर्डर में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने नौ पारियों में 317 रन बनाए और उनकी स्ट्राइक रेट 193.29 रही।

उन्होंने पाकिस्तान, नीदरलैंड्स और न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाए। फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने तेज बल्लेबाजी करते हुए 54 रन बनाकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

4. शिवम दुबे (भारत) – 235 रन और 5 विकेट

शिवम दुबे ने इस टूर्नामेंट में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए आठ पारियों में 39.16 की औसत और 169.06 की स्ट्राइक रेट से 235 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट भी लिए।

मिडिल ऑर्डर में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और गेंदबाजी ने टीम को कई मुकाबलों में संतुलन दिया और भारत को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। दुबे ने फाइनल सहित कई मैचों में मौका मिलने पर छोटी लेकिन अहम पारियाँ खेली, जिसके चलते मिडिल ऑर्डर में संतुलन बना रहा।

5. हार्दिक पांड्या (भारत) – 217 रन और 9 विकेट

ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने भी पूरे टूर्नामेंट में भारत के लिए शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए नौ मैचों में 217 रन बनाए, जिसमें उनकी स्ट्राइक रेट 160.74 रही।

इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी नौ विकेट लिए और इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.82 की रही। नॉकआउट मुकाबलों में उनका अनुभव टीम के लिए बेहद अहम साबित हुआ और भारत को लगतार दूसरी बार खिताब जीतने में मदद मिली।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताबी जीत टीम के सामूहिक प्रदर्शन का नतीजा रही। हालांकि, संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से इस जीत को खास बना दिया। इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा खेल दिखाया और भारत को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version