बीसीसीआई ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय महिला टीम के 15-सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान कर दिया है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार (02 मई) को महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 (Women’s T20 World Cup 2026) के लिए अपनी 15 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस टीम में कुछ बड़े नामों की वापसी हुई है, जबकि एक नए खिलाड़ी को पहली बार मौका मिला है।
बीसीसीआई ने इस टीम का सेलेक्शन एक अहम बैठक के बाद किया, जिसमें कप्तान हरमनप्रीत कौर, हेड कोच अमोल मजूमदार, महिला चयन समिति की अध्यक्ष अमिता शर्मा और सचिव देवजीत सैकिया शामिल थे।
राधा यादव और यास्तिका भाटिया की टी20 वर्ल्ड कप के लिए हुई वापसी
इस स्क्वॉड में सबसे बड़ी खबर राधा यादव और यास्तिका भाटिया की वापसी है। दरअसल, यास्तिका भाटिया लंबे समय से चोट के चलते टीम से बाहर थीं। उन्होंने 2025 में घुटने की गंभीर चोट के बाद सर्जरी करवाई थी और अब पूरी तरह फिट होकर टीम में लौटी हैं।
वहीं, राधा यादव लगभग एक साल बाद टी20 टीम में वापसी कर रही हैं। उन्होंने इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर आखिरी बार टी20 मैच खेला था। सबसे बड़ी बात यह है कि, उन्होंने इस साल इंडिया ए टीम की कप्तानी करते हुए इमर्जिंग एशिया कप भी जिताया था।
WPL में हैट्रिक लेने वाली नंदिनी शर्मा को पहली बार मौका
इस महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए युवा तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने इस साल WPL में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा था।
नंदिनी ने WPL 2026 में शानदार गेंदबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए हैट्रिक ली थी और पूरे सीजन में 10 मैचों में 17 विकेट लिए थे। उनकी इकॉनमी भी काफी प्रभावशाली रही थी, जिसके बाद उन्हें यह बड़ा मौका मिला है।
चोट के चलते अमनजोत और काश्वी हुईं बाहर
इस स्क्वॉड में काश्वी गौतम और अमनजोत कौर को जगह नहीं मिली है, क्योंकि दोनों खिलाड़ी चोट से जूझ रही हैं। टीम मैनेजमेंट ने फिट खिलाड़ियों को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है।
Women’s T20 World Cup 2026 के लिए भारतीय महिला टीम का पूरा स्क्वॉड
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, क्रांति गौड़, राधा यादव, जेमिमाह रोड्रिग्स, रेणुका सिंह, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, अनुष्का शर्मा, दीप्ति शर्मा।
क्या है इस टीम की सबसे बड़ी ताकत
इस स्क्वॉड में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन देखने को मिलता है। बल्लेबाजी में मंधाना, शेफाली और हरमनप्रीत जैसे बड़े नाम हैं, जबकि गेंदबाजी में राधा यादव और रेणुका सिंह टीम को मजबूती देती हैं। इसके अलावा, नंदिनी शर्मा जैसे नए खिलाड़ियों की एंट्री से टीम में नई ऊर्जा भी देखने को मिल सकती है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







