टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हर दिन कोई न कोई रिकॉर्ड बनता है। इस बार का टूर्नामेंट काफी इंट्रेस्टिंग हो रहा है। क्योंकि सभी टीमें काफी अच्छा खेल रही हैं, जिससे रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में चैलेंजिंग पिच देखने को मिल रही है, जिससे बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों मैच में बने हुए हैं। हालांकि उसके बाद भी बैट्समैन किसी न किसी मैच में बाजी मार रहे हैं और लंबे-लंबे सिक्स लगाने में सफल हो रहे हैं। तो चलिए जानते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे लंबे सिक्स किसने लगाए हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे लम्बे छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

5. कैमरन ग्रीन- 98 मीटर
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे लंबा छक्का लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन आते हैं। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में शानदार बल्लेबाजी की थी।
ग्रीन ने 11 गेंदों में 21 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने आयरलैंड के तेज गेंदबाज मार्क अडैर को स्क्वायर लेग के ऊपर से फ्लिक करके 98 मीटर का छक्का लगाया था। ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच आसानी से जीत लिया था।
4. नूर अहमद- 98 मीटर
अफगानिस्तान के चाइनामैन गेंदबाज नूर अपनी गेंदबाजी के लिए प्रसिद्ध हैं और वह बल्लेबाजी में कुछ बड़ी हिट्स लगा सकते हैं। इसका नजारा उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए मैच में दिखाया था।
नूर ने अपनी पहली ही गेंद पर मार्क यांसेन को लॉन्ग ऑन के ऊपर से लंबा छक्का लगाया था। यह सिक्स 98 मीटर का था और उसके बाद उन्होंने अफगानी टीम को मैच टाई कराने में मदद की थी। हालांकि वह थोड़ी सूझबूझ दिखाते तो वह मैच जीत भी सकते थे, लेकिन अंत में अफ्रीका ने दूसरे सुपर ओवर में जीत हासिल की थी।
3. कमिंडू मेंडिस- 100 मीटर
श्रीलंका के नेक्स्ट बिग थिंग कमिंडू मेंडिस लगातार अपनी छाप छोड़ रहे हैं। उनसे मुश्किल पोजीशन में बल्लेबाजी कराई जा रही है, उसके बाद भी वह लगातार अपना बेस्ट दे रहे हैं। कमिंडू मेंडिस टी20 वर्ल्ड कप में अपने खेल से सभी को काफी इम्प्रेस कर रहे हैं।
कमिंडू ने ओमान के खिलाफ खेलते हुए 20वें ओवर की आखिरी गेंद में शाह फैसल की हाफ ट्रैकर बॉल को पुल करते हुए मिडविकेट के ऊपर से लंबा छक्का लगाया था। यह सिक्स 100 मीटर का था। श्रीलंका ने ओमान को यह मैच आसानी से 105 रनों से हराया था।
2. शिवम दुबे- 107 मीटर
शिवम दुबे को स्पिन बैशर माना जाता है और वह इस नाम और अपनी ख्याति का पूरा फायदा भी उठा रहे हैं। वह टर्निंग विकेट पर स्पिन गेंदबाजों को अटैक करके गेंदबाजी नहीं करने दे रहे हैं।
दुबे ने नामीबिया के खिलाफ खेले गए मैच में दूसरा सबसे लंबा छक्का जड़ा था। उन्होंने लेफ्ट आर्म स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज की गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से लंबा छक्का लगाया था। इसकी दूरी 107 मीटर थी।
1. हार्दिक पांड्या- 109 मीटर
टीम इंडिया के स्टार प्लेयर हार्दिक पांड्या अपनी हिटिंग के लिए फेमस हैं। वह बड़े-बड़े शॉट्स लगाने के लिए जाने जाते हैं। नामीबिया के खिलाफ मैच में भी उन्होंने कुछ ऐसा किया था।
नामीबिया के तेज गेंदबाज रुबेन ट्रंपेलमैन की गेंद पर लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का जड़ा था। यह 109 मीटर का था। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे लंबा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड हार्दिक पांड्या के नाम पर है।







