कहते हैं कि बल्लेबाज आपको मैच जिताते हैं लेकिन गेंदबाज आपको टूर्नामेंट जिताते हैं। बड़े मैचों में तो अक्सर जिम्मेदारी गेंदबाजों पर ही होती हैं और टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले हमेशा हाई प्रेशर वाले होते हैं।
यहां वही गेंदबाज चमकते हैं जो बड़े मंच पर खुद को साबित कर चुके होते हैं। तो चलिए जानते हैं टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाजों के बारे में।
टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाज
1. क्रिस जॉर्डन (Chris Jordan) – 7 विकेट
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस जॉर्डन टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पहले नंबर पर आते हैं। डेथ ओवरों के स्पेशलिस्ट जॉर्डन बड़े मैचों में विकेट निकालने की अपनी काबिलियत के लिए जाने जाते हैं।
जॉर्डन ने 2016 से 2024 के बीच 4 सेमीफाइनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 14 ओवर गेंदबाजी करते हुए 135 रन देकर 7 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/37 रहा है। इस दौरान उनका औसत 19.28 और इकोनॉमी 9.64 रही है।
2. एंजेलो मैथ्यूज (Anjelo Matthews) – 5 विकेट
श्रीलंका के अनुभवी ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर आते हैं। मैथ्यूज अपनी सधी हुई लाइन-लेंथ और मैच परिस्थितियों को समझने के लिए मशहूर थे।
उन्होंने 2009 से 2014 के बीच 4 सेमीफाइनल खेले, जिसमें 10 ओवर में 57 रन देकर 5 विकेट झटके। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/16 रहा है। उनका गेंदबाजी औसत 11.4 और इकोनॉमी 5.7 रही है, जो काफी शानदार है।
3. शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) – 5 विकेट
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी बड़े मैचों के खिलाड़ी माने जाते थे। उनकी लेग स्पिन ने कई बार टीम को अहम मौकों पर सफलता दिलाई।
अफरीदी ने 2007 से 2012 के बीच 4 सेमीफाइनल मुकाबलों में 16 ओवर गेंदबाजी करते हुए 102 रन देकर 5 विकेट लिए। उनका बेस्ट प्रदर्शन 2/16 रहा है। उनका औसत 20.4 और इकोनॉमी 6.37 रही है।
4. सैमुअल बद्री (Samuel Badree) – 4 विकेट
वेस्टइंडीज के स्पिनर सैमुअल बद्री अपनी कसी हुई गेंदबाजी के लिए जाने जाते थे। पावरप्ले में विकेट निकालना उनकी खासियत थी। बड़े मैचों में तो वो और भी ज्यादा घातक हो जाते थे।
बद्री ने 3 सेमीफाइनल मैचों में 12 ओवर गेंदबाजी की और 76 रन देकर 4 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/27 रहा है। उनका औसत 19 और इकोनॉमी 6.33 रही है।
5. लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) – 4 विकेट
श्रीलंका के महान तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा अपनी यॉर्कर गेंदों के लिए दुनिया भर में मशहूर रहे हैं। बड़े टूर्नामेंट में उनका रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। 2014 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में उनकी गेंदबाजी कोई नहीं भूल सकता हैं खासकर भारतीय फंस तो बिलकुल भी नहीं।
मलिंगा ने 2009 से 2014 के बीच 4 सेमीफाइनल खेले, जिसमें 12.4 ओवर में 81 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/5 रहा है। उनका औसत 20.25 और इकोनॉमी 6.39 रही है।







