चोट और टीम संतुलन के चलते ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बड़ा फैसला लेते हुए पैट कमिंस और स्टीव स्मिथ को टीम से बाहर किया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज पैट कमिंस (Pat Cummins) को पीठ की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।
उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शुइस (Ben Dwarshuis) को अंतिम 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा बल्लेबाजी विभाग में भी अहम फैसले लिए गए हैं।
पैट कमिंस क्यों हुए बाहर?
पैट कमिंस पिछले कुछ समय से लोअर बैक की समस्या से जूझ रहे हैं। वह दिसंबर में एशेज के दौरान एडिलेड टेस्ट खेलने के बाद से कोई मुकाबला नहीं खेल पाए हैं।
शुरुआत में उन्हें शुरुआती मैचों में आराम देने के इरादे से प्रोविजनल स्क्वाड में शामिल किया गया था। हालांकि, जनवरी में स्कैन रिपोर्ट ठीक आने के बावजूद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साफ किया कि उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए अभी और समय चाहिए।
माना जा रहा है कि कमिंस आईपीएल तक पूरी तरह फिट हो सकते हैं, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के लिए उन्हें जोखिम में नहीं डाला गया।
बेन ड्वार्शुइस की टीम में एंट्री
बेन ड्वार्शुइस को पहले प्रोविजनल टीम से बाहर रखा गया था, लेकिन अब उन्हें सीधे अंतिम स्क्वाड में मौका मिला है। वह टीम को लेफ्ट आर्म पेस का विकल्प देते हैं।
ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता टोनी डोडेमेड ने कहा कि ड्वार्शुइस की स्विंग, गति और डेथ ओवर्स में विविधता श्रीलंका की परिस्थितियों में काफी मददगार हो सकती है।
मैथ्यू शॉर्ट बाहर, मैट रेनशॉ को मौका
ऑस्ट्रेलिया ने फॉर्म और संतुलन को देखते हुए Matthew Short को टीम से बाहर कर दिया है। टीम को मिडल ओवर्स में स्पिन के खिलाफ एक मजबूत बाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत थी।
इसी वजह से Matt Renshaw को चुना गया है। रेनशॉ ने हाल के वर्षों में घरेलू क्रिकेट और बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन किया है।
उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 डेब्यू किया था और भारत के खिलाफ वनडे डेब्यू में भी स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ काफी प्रभावित किया था।
स्टीव स्मिथ को क्यों नहीं मिली जगह?
शानदार बिग बैश फॉर्म के बावजूद Steven Smith को टीम में जगह नहीं मिली। चयनकर्ताओं का मानना है कि स्मिथ सिर्फ ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर ही फिट बैठते हैं।
टीम में पहले से कप्तान Mitchell Marsh और उपकप्तान Travis Head की जोड़ी तय है। इसके अलावा कैमरन ग्रीन और ग्लेन मैक्सवेल भी जरूरत पड़ने पर ओपनिंग कर चुके हैं।
हैजलवुड, टिम डेविड और एलिस हुए फिट घोषित
ऑस्ट्रेलिया के लिए राहत की खबर यह रही कि Josh Hazlewood, Tim David और Nathan Ellis को फिट घोषित कर दिया गया है।हेजलवुड एशेज से पहले चोटिल हुए थे, जबकि टिम डेविड और नाथन एलिस बिग बैश और पाकिस्तान सीरीज में नहीं खेल पाए थे।
विकेटकीपिंग को लेकर प्लान
टीम में केवल Josh Inglis को विशेषज्ञ विकेटकीपर के रूप में चुना गया है। हालांकि, ग्लेन मैक्सवेल को बैकअप विकल्प माना गया है, भले ही उन्होंने कभी प्रोफेशनल स्तर पर विकेटकीपिंग नहीं की है। पूर्व विकेटकीपर मैथ्यू वेड को कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनाया गया है और वह आपात स्थिति के लिए टीम के साथ रहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया की टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम
मिचेल मार्श (कप्तान), ज़ेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुनमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







