फरहान के ऐतिहासिक शतक की बदौलत पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में पाकिस्तान के स्टार ओपनर साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) ने ऐसी पारी खेली, जिसने रिकॉर्ड बुक को पूरी तरह बदल दिया। श्रीलंका के खिलाफ अहम मैच में फरहान के शतक की बदौलत पाकिस्तान ने 20 ओवर में 212 रन बना डाले, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।
इस शतकीय पारी के साथ फरहान ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा शतक भी पूरा किया और कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कर लीं।
फरहान और फखर जमान ने की टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी
पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और फखर जमान (Fakhar Zaman) ने तूफानी शुरुआत दिलाई। फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों पर 100 रन बनाए। दूसरी ओर फखर जमान ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 84 रन ठोक दिए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 176 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी है।
कोहली का एक टी20 वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा रनों का बड़ा रिकॉर्ड भी टूटा
फरहान ने इस शतक के साथ टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 6 मैचों में 383 रन बना लिए हैं और इस मामले में विराट कोहली के 319 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
क्रिस गेल के टूर्नामेंट में दो शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी
साहिबजादा फरहान अब टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके अलावा वह टूर्नामेंट के इतिहास में दो शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनसे पहले क्रिस गेल भी टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में दो शतक लगा चुके हैं।
एक टी20 वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में भी बने नंबर वन
इस टूर्नामेंट में फरहान का बल्ला जमकर चला है। उन्होंने अब तक 18 छक्के लगा दिए हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा हैं। उन्होंने इस मामले में शिमरोन हेटमायर (2026 में अब तक 17 छक्के) और निकोलस पूरन (2024 में 17 छक्के) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







