टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी को हुई थी। ऑस्ट्रेलिया की टीम लगातार इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले चोट से जूझ रही थी और यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
पहले पैट कमिंस और उसके बाद जोश हेजलवुड के बाद अब और दो खिलाड़ी चोटिल चल रहे हैं। पहले तो ऑस्ट्रेलिया ने अपने पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ को नजरअंदाज किया था लेकिन अब बोर्ड ने उनको बुलावा भेजा है।
ग्रोइन इंजरी के चलते बाहर हुए मार्श

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ग्रोइन इंजरी के चलते आयरलैंड के खिलाफ होने वाले पहले मैच में हिस्सा नहीं ले पाए। उनकी जगह पर ट्रेविस हेड को कप्तान बनाया गया। आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 11 फरवरी को श्रीलंका के आर प्रेमदासा ग्राउंड में मैच खेला जाना है। इस मैच में मार्श के साथ-साथ टिम डेविड भी नहीं खेल रहे हैं। वह भी इस समय हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं।
डेविड को बिग बैश लीग के दौरान चोट लगी थी जिसके चलते उन्होंने टूर्नामेंट के कुछ मैच भी मिस किए थे। उनके टी20 वर्ल्ड कप के शुरू होने तक पूरी तरह से फिट होने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन अब तक वह फुल फिटनेस हासिल नहीं कर सके हैं।
स्टीव स्मिथ को स्टैंडबाय के रूप में तैयार रहने को बोला गया
ऑस्ट्रेलिया की टीम मैनेजमेंट ने मिचेल मार्श की चोट को देखते हुए स्टीव स्मिथ को स्टैंडबाय के तौर पर तैयार रहने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर वह श्रीलंका पहुंचकर टीम के साथ जुड़ सकें और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल सकें।
आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान दौरे पर हुई तीन मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों में मार्श ने हिस्सा लिया था। हालांकि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझती नजर आई है।
हेजलवुड की रिप्लेसमेंट का नहीं किया ऐलान
आयरलैंड के खिलाफ मैच से पहले टीम के पास पूरी तरह फिट सिर्फ 12 खिलाड़ी ही चयन के लिए उपलब्ध थे। नेथन एलिस भी पूरी तरह से फिट नहीं थे लेकिन उसके बाद भी उन्हें खिलाना टीम की मजबूरी थी। ऑस्ट्रेलिया के स्क्वाड में इस समय 14 खिलाड़ी ही हैं। उन्होंने हेजलवुड के बैकअप का ऐलान नहीं किया है। उनका मानना है कि इन कंडीशंस में यह टीम काफी अच्छी है।
स्मिथ ने 2024 में खेला था आखिरी टी20 मुकाबला
स्टीव स्मिथ की बात करें तो उन्होंने आखिरी बार टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 2024 के अंत में खेला था। वहीं बिग बैश लीग 2025-26 सीजन में वह सिडनी सिक्सर्स की ओर से खेल रहे थे और शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया था। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि जरूरत पड़ने पर वह अहम भूमिका निभा सकते हैं।







