क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली भले ही टेस्ट क्रिकेट में कई यादगार पारियां खेल चुके हों, लेकिन उनके नाम एक ऐसा रिकॉर्ड भी है जो फैंस को हैरान कर सकता है। टेस्ट करियर में छक्के लगाने के मामले में कोहली कई युवा और सीनियर खिलाड़ियों से पीछे हैं।
छक्कों के मामले में 15वें नंबर पर विराट

123 टेस्ट मैच खेलने वाले विराट कोहली ने अपने पूरे टेस्ट करियर में सिर्फ 30 छक्के लगाए हैं। ये आंकड़ा उन्हें भारतीय टेस्ट इतिहास में छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में 15वें स्थान पर रखता है। हैरानी की बात ये है कि उनसे आगे हरभजन सिंह (42 छक्के), यशस्वी जायसवाल (39), अजिंक्य रहाणे (35) और शुभमन गिल (31) जैसे खिलाड़ी हैं, जिनकी गिनती या तो ऑलराउंडर में होती है या फिर अभी करियर की शुरुआत कर रहे हैं।
सिडनी टेस्ट में आया था शर्मनाक पल
विराट कोहली के करियर का एक और हैरान करने वाला पल सिडनी टेस्ट में देखने को मिला, जब उन्होंने 69 गेंदें खेलीं और एक भी चौका या छक्का नहीं लगा सके। ये पहली बार था जब उन्होंने 50 से ज़्यादा गेंदें खेलीं और कोई बाउंड्री नहीं आई। उन्होंने इस पारी में सिर्फ 17 रन बनाए और आउट हो गए।
फैंस का भावुक रिएक्शन
कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक फैन भावुक होकर कहता है, “अब टेस्ट मैच देखने का मन नहीं करता, किंग कोहली नहीं हैं तो मजा नहीं आएगा।” यह दर्शाता है कि विराट सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक भावना थे टेस्ट क्रिकेट के लिए।
करियर में बड़ी उपलब्धियां, पर अंत फीका

विराट कोहली के टेस्ट करियर में 8,000 से ज्यादा रन, 29 शतक और कई यादगार जीत दर्ज हैं, लेकिन छक्कों के इस आंकड़े और हालिया फॉर्म ने उनके करियर के अंतिम पड़ाव को थोड़ा धुंधला कर दिया है। बावजूद इसके, भारतीय टेस्ट क्रिकेट में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

