वीमेंस एशिया कप 2024 (Womens Asia Cup 2024) का सातवां मुकाबला ग्रुप B की दो टीमों श्रीलंका वीमेन और मलेशिया वीमेन (SLW vs MLYW) के बीच दाम्बुला के रणगिरी दाम्बुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में श्रीलंका वीमेन को 144 रनों के बड़े अंतर से आसान जीत हासिल हुई। श्रीलंका की इस जीत में सलामी बल्लेबाज एवं कप्तान चमारी अटापट्टू (Chamari Athapaththu) और शशिनी गिम्हानी की प्रमुख भूमिका रही।
श्रीलंका वीमेन ने इस जीत के साथ वीमेंस एशिया कप 2024 के सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। बता दें कि, यदि श्रीलंकाई टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर रहती है, तो सेमीफाइनल में उनका सामना ग्रुप A में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगी।
श्रीलंका वीमेन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाया 184/4 का बड़ा स्कोर

मैच के बारे में अधिक बात करें तो, श्रीलंका वीमेन ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका वीमेन ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 184 रन बनाए और विपक्षी टीम के सामने 185 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा।
मलेशिया की गेंदबाजी पर नजर डालें तो, कप्तान विनीफ्रेड दुरैसिंगम ने 4 ओवरों में 34 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए। उनके अलावा, सुआबिका मनिवन्नन और माहिरा इज्जती इस्माइल को 1-1 सफलता मिली, जबकि अन्य गेंदबाजों को एक भी विकेट हासिल नहीं हुआ।

मात्र 40 रनों पर ही आलआउट हो गई मलेशिया वीमेन
185 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलेशिया वीमेन 19.5 ओवरों में मात्र 40 के स्कोर पर आल आउट हो गई और उन्हें 144 रनों के बड़े अंतर से हार झेलनी पड़ी। उनकी ओर से एल्सा हंटर 10 रनों के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं, जबकि अन्य बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर पर ही पवेलियन लौट गईं।
श्रीलंका वीमेन की ओर से शशिनी गिम्हानी ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की। इस महिला गेंदबाज ने 4 ओवरों में मात्र 9 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा, काव्या काविंदी और कविशा दिलहारी को 2-2 विकेट मिले, जबकि इनोशी प्रियदर्शिनी, सचिन निसानसाला और अमा कंचना को 1-1 सफलता मिली।
चमारी अटापट्टू बनीं प्लेयर ऑफ द मैच

34 वर्षीय अनुभवी बाएँ हाथ की सलामी बल्लेबाज एवं श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू (Chamari Athapaththu) की आतिशी पारी की बदौलत श्रीलंका वीमेन ने मलेशिया वीमेन के खिलाफ 144 रनों से आसान जीत हासिल की। उनकी 69 गेंदों पर 14 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 119* रनों की जिताऊ शतकीय पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
Womens Asia Cup 2024: प्वॉइंट्स टेबल अपडेट (Group B)
इस जीत के साथ श्रीलंका वीमेन ग्रुप B की अंक तालिका में 4 अंकों और +4.243 के नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर आ गई है, जबकि मलेशिया वीमेन इस हार के बाद 0 अंक और -4.150 के नेट रन रेट के साथ चौथे यानी अंतिम स्थान पर है। इसके अलावा, थाईलैंड वीमेन 2 अंकों और +1.100 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर और बांग्लादेश वीमेन 0 अंक और -1.091 के नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर है।
कब होगा दोनों टीमों का अगला मुकाबला ?
श्रीलंका वीमेन को अपना अगला मुकाबला 24 जुलाई को थाइलैंड वीमेन से खेलना है। इसके अलावा, मलेशिया वीमेन को अपना अगला मुकाबला उसी दिन बांग्लादेश वीमेन के साथ खेलना है। ये दोनों मुकाबले दाम्बुला में ही खेले जाएंगे।







